सुप्रभातम्: सफलता के लिए एक्शन प्लान बनाने की जरूरत

सफलता और असफलता एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। सफलता की राह हर किसी के लिए आसान नहीं होती है। सफलता पाने के लिए हर किसी को कड़ी मेहनत करनी पड़ती है लेकिन इसके बाद भी अक्सर लोग सफल नहीं हो पाते हैं। सफलता पाने के लिए हर व्यक्ति में कुछ बातों का होना जरूरी है। 

Uttarakhand

हिमशिखर धर्म डेस्क

इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने से ही सफलता मिलेगी। जीवन में कोई भी काम तुक्के से या अचानक नहीं होता, बल्कि उसके लिए कार्य योजना बनानी होती है। इसलिए भाग्य या संयोग की प्रतीक्षा करना छोड़कर अपने बुद्धि बल पर दृढ़ विश्वास होना चाहिए। साथ ही, लक्ष्य को पाने के लिए योजना बनानी चाहिए। एक्शन प्लान बनाना भी एक कला है। जब कार्य योजना को अमल में लाते हैं, तो वह साधना है। इसमें समय का बड़ा योगदान है। समय को गंवाने का मतलब है प्रगति की राह में खुद को पीछे धकेलना। हर एक पल महत्वपूर्ण है, क्योंकि जो बीत जाता है वह कभी लौट कर नहीं आता। कामयाबी के लिए जो व्यक्ति समय रहते प्रयास नहीं करता, वह जीवनभर पछताता रहता है, उसे ठोकरें लगती रहती हैं। उनकी सफलता मृगतृष्णा की भांति उनसे मीलों दूर रहती है। हर पल उत्साह और प्रसन्नता से काम करें, तो वे शुभ होते हैं।

समय जीवन का आधार है, तो तरक्की करना या पिछड़ना उसका परिणाम। असफलता का कारण है समय पर सही कार्य न करना। यदि आप भी अपने जीवन में कुछ बनना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपना लक्ष्य निर्धारित करें और समय का सदुपयोग करते हुए उसी के अनुरूप कार्य करें। यदि कोई व्यक्ति एक सफल जीवन बिताना चाहता है तो उसे सही समय पर सही निर्णय लेने होंगे। जिन व्यक्तियों ने समय का सदुपयोग किया है, वे आज सफलता की बुलंदियों पर हैं। इसलिए सभी लोगों को समय का सदुपयोग करना चाहिए।

एक चीज और है, सिर्फ इच्छा करने से कामयाबी नहीं मिलती। इसके लिए आत्म विश्वास को जगाना होता है और दृढ़ संकल्प की जरूरत होती है। यदि कोई व्यक्ति अपने जीवन में आने वाली बाधाओं पर विजय प्राप्त करने का निश्चय कर लेता है तो उसके भीतर एक आंतरिक शक्ति का उदय होता है। इसमें असीम ताकत होती है, जो व्यक्ति को किसी भी प्रकार की बाधा से जूझने में सक्षम बनाती है। साहस और आत्मविश्वास से ही अवसर की पहचान होती है। इसलिए अपने निर्णय पर हम जितना विश्वास करेंगे, उसी अनुपात में हमें सफलता भी प्राप्त होगी। यदि हमारा संकल्प विजय का संकल्प है, तो हमारी सफलता सुनिश्चित है।

सफलता प्राप्त करने के लिए हमें जीवन में कठिन परिश्रम, मेहनत, लगनशील, धैर्यवान, आशावादी, सच्चाई और समय का सदुपयोग करने की जरूरत होती है। कई बार हम अवसरों को खो देते हैं, सही समय पर सही फैसले नहीं लेते, तो कई बार मन का आलस्य हमें आगे नहीं बढ़ने देता है।

जिंदगी हमेशा आगे बढ़ने का नाम है, पीछे मुड़कर देखने से आप सिर्फ अपना समय बर्बाद करेंगे। रतन टाटा ने शायद इसी बात को ध्यान में रखकर कहा है कि कई चीजें हैं, जिन्हें यदि पुनः जीने का मौका मिले, तो मैं उन्हें शायद दूसरे तरीके से करना चाहूंगा, लेकिन मैं पीछे मुड़कर देखना नहीं चाहता कि मैं क्या करने में सक्षम नहीं था।

इंसान को सदैव सच्चाई के मार्ग पर रहना चाहिए, इससे लोग आप पर विश्वास करते हैं। महान लेखिका वर्जीनिया वुल्फ ने कहा कि अगर आप अपने बारे में सच नहीं बोल सकते, तो दूसरों के बारे में भी सच नहीं बोल सकते।

जीवन में कुछ भी प्राप्त करने के लिए व्यक्ति को धैर्यवान होना चाहिए। कभी-कभी अधीरता ही हमारी असफलता का कारण बन जाती है। बिल गेट्स ने भी कहा है कि धैर्य सफलता का एक प्रमुख तत्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *