दून में होगा उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ का सम्मेलन

हिमशिखर खबर ब्यूरो

Uttarakhand

देहरादून: उत्तराखंड विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की आज एक बैठक हेमवती नन्दन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय से संगठन के मुख्य संरक्षक एवं राष्टीय कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह भंडारी की अध्यक्षता में आनलाइन संपन्न हुई, जिसमें संगठन का प्रांतीय सम्मेलन आगामी अक्टूबर – नवंबर माह में वीर माधो सिंह उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय देहरादून में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही बैठक में 1 नवंबर 2023 की अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर आयोजित हो रहे धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में प्रदेश भर के विश्वविद्यालयों के कर्मचारियों के शामिल होने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक की जानकारी देते हुए महासंघ के अध्यक्ष कुलदीप सिंह एवं महामंत्री डॉ लक्ष्मण सिंह रौतेला ने बताया कि संगठन की आज आयोजित बैठक में वर्तमान कार्यकारिणी के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए आगामी दो माह के भीतर देहरादून स्थित तकनीकी विश्वविद्यालय में महासंघ का प्रांतीय सम्मेलन का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया गया है। जिसमें राज्य भर के समस्त विश्वविद्यालयों के कर्मचारी शिरकत करेंगे। सम्मेलन का विषय ‘नई शिक्षा नीति : परिदृश्य एवं चुनौतियां’ होगा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री या केबिनेट मंत्री को आमंत्रित किया जायेगा तथा स्थानीय विधायक, विद्वतजनों तथा राज्यभर के कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भी आमंत्रित किए जायेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संगठन द्वारा जल्द दायित्व वितरण किए जायेंगे। इसी सम्मेलन में संगठन की नवीन द्विवार्षिक कार्यकारिणी का भी गठन किया जाएगा। पदाधिकारियों ने बताया कि विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की भांति कर्मचारियों में भी यूजीसी वेतमान लागू करने हेतु अखिल भारतीय विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 1 नवंबर 2023 को नई दिल्ली में जंतर मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में प्रदेश के विश्वविद्यालय कर्मी भी शिरकत करेंगे।

आज की बैठक में कुमाऊं विश्वविद्यालय के वरिष्ठ कर्मचारी नेता एवं संगठन के मुख्य संरक्षक भूपाल सिंह करायत, तकनीकी विश्वविद्यालय से संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक सुंदरियाल, प्रांतीय प्रवक्ता चंद्र सिंह बागियाल, मुक्त विश्वविद्यालय से संगठन के उपाध्यक्ष श्री भरत नैनवाल, सह कोषाध्यक्ष विमल चौहान, दून विश्वविद्यालय से कार्यकारी महामंत्री प्रशांत मेहता, कुमाऊं विश्वविद्यालय से अध्यक्ष डी एस बी परिसर गणेश बिष्ट, भीमताल परिसर अध्यक्ष भगवान चंद्र ध्यानी, आयुर्वेद विश्वविद्यालय देहरादून के अध्यक्ष खीमानंद भट्ट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष चंद्रमोहन पैन्यूली, उपाध्यक्ष सुनीता तिवारी, उपसचिव छत्रपाल सिंह, संस्कृत विश्वविद्यालय से संगठन के संयुक्त सचिव सुभाष पोखरियाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, सचिव चंदन रावत, विनोद कुमार, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से प्रमोद कुमार, प्रकाश तिवारी, सत्यदेव सिंह, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा से संगठन के कोषाध्यक्ष देवेन्द्र पोखरिया, अध्यक्ष जीवन मठपाल, उपाध्यक्ष अंसुमन पंत, देवेंद्र धामी, चंद्र सिंह गढ़वाली विश्वविद्यालय भरसार से संगठन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, संगठन मंत्री धन सिंह नेगी, जी बी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर से भूपेश कबड़वाल, ओमप्रकाश गुप्ता शामिल हुए। बैठक का संचालन संगठन के महामंत्री डॉ लक्ष्मण सिंह रौतेला ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *