देहरादून: गृहमंत्री शाह बोले- उत्तराखंड ही एक स्थान…जहां दैवीय शक्ति भी है और विकास भी

हिमशिखर खबर ब्यूरो

Uttarakhand

देहरादून: केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वन अनुसंधान संस्थान देहरादून में उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के समापन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान देवभूमि उत्तराखंड को नमन करते हुए कहा कि यह केवल डेस्टिनेशन उत्तराखंड का ही समारोह नहीं है, बल्कि कई नई चीजों की शुरुआत भी है।

अमित शाह ने कहा कि आज का ये कार्यक्रम साढ़े तीन लाख करोड़ रूपए के MoUs के साथ नए उत्तराखंड की अनंत संभावनाओं को तलाशने की शुरूआत है। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड विश्व के सामने इकोफ्रेंडली तरीके से उद्योग जगत के साथ जुड़ने का एक मज़बूत उदाहरण बनेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक ऐसा स्थान है जहां दैवीय शक्ति भी है और विकास भी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके साथ परफॉर्मेंस को भी जोड़ दिया है।

अमित शाह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा उत्तराखंड की स्थापना को पीछे उद्देश्य था कि इतने बड़े उत्तर प्रदेश राज्य में उत्तराखंड का विकास नहीं हो पा रहा था। उन्होंने कहा कि आज दो दशक के सफर के बाद ये कह सकते हैं कि अटल जी ने उत्तराखंड को बनाया था, प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड को संवारा है और अब उनके ही नेतृत्व में राज्य आगे बढ़ रहा है।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में साढ़े तीन लाख करोड़ रूपए के MoUs हुए और इस दौरान राज्य में अनंत संभावनाओं को खोलने वाली कई तरह की नई शुरूआत हुई हैं। शाह ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर बहुत आशा के साथ देख रही है और प्रधानमंत्री मोदी ने हमारे सामने लक्ष्य रखा है कि 2047 तक भारत एक पूर्ण विकसित राष्ट्र के रूप में हर क्षेत्र में विश्व में सर्वप्रथम हो। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने भारत के युवाओं के लिए इस लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में सभी संभावनाओं को खुला रखा है। उन्होंने कहा कि विश्व में आगे बढ़ने के लिए अब भारत का समय आ गया है।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज आज क्लाइमेट चेंज के आंदोलन का नेतृत्व कर रहा है, मेक इन इंडिया के माध्यम से पूरी दुनिया की जीडीपी को गति देने का प्रयास कर रहा है और टेरर-फ्री दुनिया का नेतृत्व भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी की विज़नरी लीडरशिप के कारण भारत में इतने बहुआयामी बदलाव हुए हैं।

अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचारमुक्त शासन है जो निवेश के लिए बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज कई राज्यों में पारदर्शिता के साथ विकास के सूत्र को जमीन पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जिस कठोरता के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ कदम उठाए हैं, उससे ये तय है कि किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा। श्री शाह ने कहा कि उत्तराखंड में हर क्षेत्र में असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में सबसे शांत और सुरक्षित राज्य उत्तराखंड है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, सेवा, MSME, लॉजिस्टिक्स, कस्टमाइज्ड पैकेज, आईटी और आयुष के क्षेत्र में अनंत संभावनाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *