सुप्रभातम्: दीपावली रोशनी का त्योहार, पर्यावरण को प्रदूषित करने का नहीं

भारतीय जनमानस में दिवाली का त्योहार सदियों से रचा बसा हुआ है। ऐसा माना जाता है कि पहले यह त्योहार जगमगाते दीपों और रोशनी के साथ मनाया जाता था, लेकिन समय के बदलाव के साथ इस त्योहार का मनाने का तरीका भी बदल गया। आज जगमगाते दीपों के स्थान पर तेज ध्वनि वाले पटाखे फोड़े जाते हैं, जो ध्वनि प्रदूषण तो करते ही हैं, साथ ही वायु प्रदूषण भी बढ़ाते हैं। ऐसे में अब समय की जरूरत है कि हम ‘ग्रीन दिवाली’ मनाने की ओर कदम बढ़ाएं, जो प्रदूषण से रहित हो। चूंकि हमारी सनातन परंपरा चिरकाल से पर्यावरण की पोषक रही है, ऐसे में हमें पर्यावरण हितैशी और सुरक्षित दीपावली मनाने के बारे में जरूर सोचना होगा। जब पर्यावरण स्वस्थ रहेगा अभी हमारा जीवन सुखमय रहेगा। हमारा उल्लास पीड़ा का कारण ना बने इस पर हमारे युवा पीढ़ी को सोचने की आवश्यकता कि। अपने उल्लास को आप मिठाई बांटकर स्वच्छता अभियान के पुनीत कार्य कर अभिव्यक्त कर सकते हैं

Uttarakhand

भाई कमलानन्द

पूर्व सचिव, भारत सरकार

हर ओर दीपों के पर्व दीपावली की धूम मचनी शुरू हो गई है। दीपावली पर पटाखे फोड़ने की परम्परा लंबे समय से चलती आ रही है, लेकिन यह हमारी संस्कृति का अंग या परंपरा नहीं है। दीए जलाने का अर्थ वैसे भी खुशी मनाना होता है। दीपक जलाना अपनी खुशी को अभिव्यक्त करने का माध्यम है। लेकिन बदलते दौर में दीप पर्व पर पटाखे फोड़कर खुशी जाहिर करने की परम्परा बनती जा रही है।

दीपावली सतयुग में समुद्र मंथन के दौरान प्रकट हुईं माता महालक्ष्मी के स्वागत के रूप में मनाई गई थी। त्रेतायुग में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम द्वारा रावण वध के बाद अयोध्या आगमन पर पूरी नगरी को दीपमालिकाओं से सजाया गया था और यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक दीपपर्व-प्रकाशपर्व के रूप में मनाया गया था। द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण के द्वारा नरकासुर के वध और अपनी बहन सत्यभामा के लिए पारिजात का वृक्ष लाने की घटना दीपावली पर्व के एक दिन पूर्व चतुर्दशी से जुड़ी है।

 दीपावली का शाब्दिक अर्थ होता है दीपों की एक पंक्ति, जो घी या तेल से जलाई जाती हैं। पटाखे जलाने का रामायण या अन्य शास्त्रों में कोई उल्लेख नहीं मिलता है। इस पर्व का मतलब बारूद भरे पटाखों से बिल्कुल नहीं होता।

Uttarakhand

हम सभी जानते हैं कि बारूद का अविष्कार भारत में नहीं हुआ है। पटाखे भी बारूद से बनते हैं। यानी की बारूद, दीवाली से जुड़ी धार्मिक मान्यता एवं परंपरा का हिस्सा शुरू से ही नहीं थी। भारत में दीवाली में पटाखा जलाने की कोई परंपरा नहीं है। ऐसे में रोशनी के पर्व दीपावली पर पटाखे फोड़कर और पर्यावरण को प्रदूषित कर खुशी जाहिर करना क्या ठीक बात है? ऐसी खुशी का क्या अर्थ, जो लोगों के लिए जान का खतरा बनती हो। सामान्य मूक जानवर भी पटाखों के शोर एवं उससे उत्पन्न प्रदूषण से परेशान हो जाते हैं। ऐसे में थोड़ा बहुत ग्रीन पटाखों का उपयोग किया जा सकता है।

दीपावली पर मिट्टी के दिये के स्थान पर झालर और लाइट लगाने की परंपरा आ गई है। हमें मिट्टी के दिये जलाने की परंपरा की पुन: शुरुआत करनी होगी। हमारी संस्कृति सरसों के तेल के दिये जलाना है, अच्छे पकवान बनाना, मिठाइयां खाना और पड़ोसी को भी खिलाना, लोगों को उपहार देना आदि है।

हमारे धर्म ग्रंथों में दीपक जलाने की बात कही गयी है। पूर्वजों ने भी इसी का पालन किया दीपक जलाकर, रंगबिरंगी रोशनी के माध्यम से इस पर्व को खुशी की सौगात दी है। ज्यादा ही मनीषा हुई तो फुलझड़ी जला के मन को प्रसन्न कर लिया। आतिशबाजी और पटाखेबाजी बेकार की फिजूलखर्ची है। क्षण भर में लाखों रुपयों का नुकसान के साथ-साथ अमूल्य पर्यावरण को भी हानि है। दीप जलाना मात्र औपचारिकता नहीं है। दीप अन्तर के तमस को अन्त करने की प्रेरणा देता है। आओ, हम सब मिलकर देश को आतंक और कुत्सित प्रवृत्तियों से मुक्त करने की प्रेरणा लें।

वसुधैव कुटुंबकम वाले इस देश भारत में पटाखों का कम से कम प्रयोग करना आज प्रासंगिक है, ताकि किसी के शौक की कीमत दूसरे को अदा नहीं करनी पड़े। दीवाली के दिन हम मां लक्ष्मी की पूजा भी करते हैं एवं उनसे धन, धान्य एवं समृद्धि की कामना करते हैं। सवाल यह है कि क्या शोर-शराबा और प्रदूषण कर देवी-देवताओं के कृपा पात्र हो सकते हैं। आज का हमारा समाज एक जागरूक समाज है। भारत का संविधान भी रेखांकित करता है कि स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराना केवल राज्यों की ही नहीं अपितु हर प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है।

Uttarakhand

‘दीपावली की देश और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। यह त्योहार आप सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उल्लास लेकर आए, यही ईश्वर से कामना है।’

Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *