टिहरी : लिखित प्रतियोगी परीक्षा को लेकर डीएम टिहरी ने किया निरीक्षण

जिलाधिकारी ने लिया जनपद में आयोजित परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

नई टिहरी : उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आज रविवार को विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों पर चयन हेतु लिखित प्रतियोगी परीक्षा की जा रही है। परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस हेतु जनपद टिहरी गढ़वाल में दो सेंटर यथा जी.जी.आई.सी. बोराड़ी नई टिहरी नियर राजकीय चिकित्सालय नई टिहरी तथा मॉडर्न स्कॉलर्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऋषिकेश रोड चंबा बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर परीक्षा से पूर्व मॉडर्न स्कॉलर्स अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस मौके पर सेक्टर मजिस्ट्रेट अधिशासी अभियंता नगर पालिका परिषद चम्बा प्रशांत कुमार ने सभी सुरक्षा व्यवस्था से अवगत कराया।

प्रतियोगी परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। परीक्षा में 540 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। जिलाधिकारी द्वारा दोनों सेक्टर मजिस्ट्रेट को कोषागार नई टिहरी से परीक्षा की गोपनीय सामग्री प्राप्त कर परीक्षा केन्द्र में उपलब्ध कराने तथा परीक्षा समाप्ति के पश्चात गोपनीय पैकेटस सम्बधित कोषागार में जमा करवाने के निर्देश दिए गए थे।

जिलाधिकारी टिहरी ने आज निरीक्षण के दौरान परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही परीक्षा केंद्र पर तैनात स्कूल स्टाफ एवं पर्यवेक्षकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए, ताकि परीक्षाएँ निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *