खुशखबरी: हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा के जीवन को फिल्म में देखा जा सकेगा, 25 अप्रैल को होगा प्रसारण

 

Uttarakhand

हिम शिखर ब्यूरो।
देहरादून
पहाड़ के विकास पर जोर देने वाले यूपी के पूर्व सीएम हिमालय पुत्र स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के आदर्श आज के समय में भी प्रासंगिक हैं। 25 अप्रैल को उनके जन्मदिन पर भारत सरकार की ओर से स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बहुगुणा के जीवन पर आधारित ‘‘हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा’’ फिल्म का प्रसारण किया जाएगा, जिससे युवा पीढ़ी उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके पद चिह्नों पर आगे बढ़ सके।

हेमवती नंदन बहुगुणा पहाड़ की पगडंडियों से निकलकर राष्ट्रीय राजनीति में एक नक्षत्र बनकर चमके। वह सदैव पहाड़ी राज्यों के पक्षधर रहे। यही वजह थी कि उन्होंने अलग पर्वतीय विकास मंत्रालय बनाकर विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पहाड़ी क्षेत्रों के विकास को एक नई दिशा दी। एक छात्र नेता से लेकर, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और फिर देश की राजनीति में वह खास छाप छोड़ गए। वह पहाड़ के सच्चे हितैषी, किसानों के बेहद प्रिय और गरीबों के मसीहा के तौर पर जाने जाते थे। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के मंत्री के रूप में जनसेवा की।

25 अप्रैल को स्व. बहुगुणा के जन्म दिवस पर भारत सरकार उनके जीवन पर आधारित फिल्म का प्रसारण करेगी। ‘‘हिमालय पुत्र हेमवती नंदन बहुगुणा’’ फिल्म का प्रसारण दूरदर्शन (डीडी नेशनल) पर प्रातः 7 बजे और दूरदर्शन भारती पर रात्रि 9 बजकर 5 मिनट पर किया जाएगा।

Uttarakhand

इस अवसर पर उनकी पुत्री व प्रयागराज की सांसद प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि स्वर्गीय बहुगुणा के संघर्षमय जीवन का फिल्मांकन कर हम सभी देशवासियों के बीच फिल्म का प्रसारण किए जाने पर हम भारत सरकार के आभारी हैं। उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस प्रेरणादायी फिल्म को अवश्य देखें।

प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सुंदर लाल बहुगुणा और योगेंद्र खंडूडी ने हेमवती नंदन बहुगुणा को याद करते हुए कहा कि आज देश को उन जैसे देश भक्तों की जरूरत है। कहा कि इस फिल्म के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्व. बहुगुणा के बहुआयामी व्यक्तित्व को देखने और समझने का मौका मिले।

असाधारण व्यक्तित्व के धनी थे हेमवती नंदन बहुगुणा
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती के अवसर पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. बहुगुणा का व्यक्तित्व असाधारण था। उन्हें देश व दुनिया ने कुशल प्रशासक, औजस्वी वक्ता और प्रखर राजनेता के रूप में जाना। वे जमीन से जुडे नेता थे और किसानों व गरीबों के हितैषी थे, राजनैतिक संकीर्णता से परे थे।

Uttarakhand

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व.  बहुगुणा जी का पहाड़ो के विकास के लिये एक सपना था, एक चिन्तन था। अपनी संस्कृति व सभ्यता से भी उन्हें बड़ा लगाव था। विलक्षण प्रतिभा के बल पर उन्होंने भारतीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनायी। उन्होंने प्रदेश हित के लिए कई कदम उठाये। उन्होंने केन्द्र में मंत्री रहते हुए अनेक योजनाएं शुरू करवायी।

Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *