9 जून शाम सवा 7 बजे, राष्ट्रपति भवन में मोदी लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ

लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार रविवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नरेंद्र मोदी को इस दौरान पद की गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। राष्ट्रपति भवन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, नरेंद्र मोदी नौ जून को शाम 7 बजकर 15 मिनट पर शपथ लेंगे।

Uttarakhand

हिमशिखर खबर ब्यूरो

नई दिल्ली: मोदी सरकार 3.0 के गठन का रास्ता साफ हो चुका है। नरेंद्र मोदी 9 जून को शाम सवा 7 बजे तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम होगा। राष्ट्रपति प्रधानमंत्री के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रिपरिषद के अन्य सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को नई सरकार के गठन का न्योता दिया। पीएम मोदी शुक्रवार शाम को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने पहुंचे। इससे पहले एनडीए के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रपति से मुलाकात करके अपना समर्थन पत्र सौंपा और नई सरकार बनाने की पेशकश की।

एनडीए की बैठक में मोदी चुने गए संसदीय दल के नेता
मोदी ने कहा कि आज सुबह एनडीए की बैठक हुई और सभी साथियों ने मुझे फिर से एक बार इस दायित्व के लिए पसंद किया है। एनडीए के सभी साथियों ने राष्ट्रपति को इसकी जानकारी दी है। नरेंद्र मोदी 9 जून को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के संसदीय दल का नेता चुने जाने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नरेंद्र मोदी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद राष्ट्रपति भवन के बाहर मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने नई सरकार का रोडमैप साझा किया। उन्होंने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव अमृतकाल का पहला चुनाव है। मोदी ने कहा कि 2047 में जब देश आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, उसके संकल्प पूरा करने के लिए हमारे पास स्वर्णिम अवसर है। उन्होंने कहा कि देशवासियों ने एनडीए को एक बार फिर सेवा का मौका दिया है, इसके लिए वे जनता का आभार प्रकट करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *