सुप्रभातम्:जब भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को दिखाया अपना विराट रूप

श्रीमद्गवद्गीता को भगवान श्रीकृष्ण ने अपने श्रीमुख से साक्षात अर्जुन को सुनाया था। कुरुक्षेत्र के मैदान में युद्ध के पहले भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता ज्ञान दिया। अर्जुन प्रभु से इच्छा प्रकट की कि वह प्रभु का विराट रूप देखना चाहते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को दिव्य दृष्टि दी और उसे अपने विराट रूप के दर्शन कराए। गीता के ग्यारहवें अध्याय में भगवान के विराट रूप का वर्णन है। भगवद्गीता के इन श्लोक के माध्यम से आप भी कीजिए परात्पर अखिलेश्वर के विराट रूप के दर्शन…

Uttarakhand

एवमेतद्यथात्थ त्वमात्मानं परमेश्वर ।

द्रष्टुमिच्छामि ते रूपमैश्वरं पुरुषोत्तम ॥

एवम्-इस प्रकार; एतत्-यह; यथा जिस प्रकार; आत्थ-कहा गया है। त्वम्-आपने; आत्मानम्-स्वयं को; परम-ईश्वर-परम प्रभुः द्रष्टुम्-देखने के लिए; इच्छामि इच्छा करता हूँ; ते-आपका; रुपम्-रूप; ऐश्वरम्-वैभव; पुरुष-उत्तम हे पुरुषोत्तम ।

हे परमेश्वर! तुम वास्तव में वही हो जिसका आपने मेरे समक्ष वर्णन किया है!, किन्तु हे परम पुरुषोत्तम! मैं आपके विराट रूप को देखने का इच्छुक हूँ।

अर्जुन श्रीकृष्ण से प्रार्थना करता है कि वे उसे अपने विश्व रूप या सभी ब्रह्माण्डों में व्याप्त अपने अनंत ब्रह्माण्डीय विराट रूप का दर्शन कराएँ। तब श्रीकृष्ण उस पर कृपा करते हुए उसे अपनी दिव्य दृष्टि प्रदान करते हैं जिसे प्राप्त कर अर्जुन देवों के देव श्रीकृष्ण के शरीर में सम्पूर्ण सृष्टि का अवलोकन करता है। फिर वह भगवान के अद्भुत अनंत स्वरूप में अनगनित मुख, आँखें, भुजाएँ, उदर देखता है। उनके विराट रूप का कोई आदि और अन्त नहीं है और वह प्रत्येक दिशा में अपरिमित रूप से बढ़ रहा है। उस रूप का तेज आकाश में एक साथ चमकने वाले सौ सूर्यों के प्रकाश से अधिक है। उस विराट रूप को देखकर अर्जुन के शरीर के रोम कूप सिहरने लगे। वह देखता है कि भगवान के नियम के भय से तीनों लोक भय से कांप रहें हैं। उसने देखा कि सभी भगवान में प्रवेश कर उनकी शरण ग्रहण कर रहे हैं और सिद्धजन पवित्र वैदिक मंत्रों, प्रार्थनाओं और स्रोतों का पाठ कर भगवान की स्तुति कर रहे हैं।

आगे अर्जुन कहता है कि वह धृतराष्ट्र के सभी पुत्रों को उनके सहयोगी राजाओं सहित उनके मुख में प्रवेश करते हुए उसी प्रकार से देख रहा है जैसे पतंगा तीव्र गति से अग्नि की ज्वाला में प्रवेश कर अपना विनाश करता है तब अर्जुन स्वीकार करता है कि भगवान के विश्व रूप को देखकर उसका हृदय भय से कांप रहा है और उसने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है। भयतीत अर्जुन श्रीकृष्ण से उनके इस भयानक रूप की वास्तविकता जानना चाहता है जो कि उनके उस रूप जैसा नहीं था तथा जिसे वह अब से पहले अपने गुरु और मित्र के रूप में जानता था। इसका उत्तर देते हुए श्रीकृष्ण कहते हैं कि वे काल के रूप में तीनों लोकों के संहारक हैं। वे घोषणा करते हैं कि कौरव पक्ष के महायोद्धा पहले ही उनके द्वारा मारे जा चुके हैं इसलिए अपनी विजय को सुनिश्चित मानते हुए उठो और युद्ध करो।

इसकी प्रतिक्रिया में अर्जुन अदम्य साहस और अतुल्य शक्ति से सम्पन्न भगवान के रूप में उनकी प्रशंसा करता है और पुनः उनकी वंदना करता है। वह कहता है कि यदि दीर्घकालीन मित्रता के दौरान श्रीकृष्ण को केवल मानव के रूप में देखने के कारण उपेक्षित भाव से भूलवशः उससे उनके प्रति कोई अपराध हो गया हो तो वे उसे क्षमा कर दें। वह उन्हें उस पर दया कर उन्हें एक बार पुनः अपना आनंदमयी भगवान का रूप दिखाने की प्रार्थना करता है।

श्रीकृष्ण उसकी प्रार्थना को स्वीकार करते हुए पहले अपना चतुर्भुज नारायण रूप और तत्पश्चात अपना दो भुजाओं वाला मनोहारी पुरुषोत्तम रूप धारण करते हैं। वे अर्जुन को बताते हैं कि अर्जुन भगवान के जिस विश्वरूप को देख चुका है उसका दर्शन करना अत्यंत कठिन हैं। वेदों के अध्ययन करने से उनके साकार रूप को देखा नहीं जा सकता। उनके साकार रूप को न तो वेदों के अध्ययन द्वारा और न ही तपस्या, दान या अग्निहोत्र यज्ञों द्वारा देखा जा सकता है लेकिन अर्जुन, मैं जिस रूप में तुम्हारे समक्ष खड़ा हूँ उसे केवल विशुद्ध और अनन्य भक्ति से देखा जा सकता है और उसमें एकीकृत हुआ जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *