पंडित उदय शंकर भट्ट
आज आपका दिन मंगलमयी हो, यही मंगलकामना है। ‘हिमशिखर खबर’ हर रोज की तरह आज भी आपके लिए पंचांग प्रस्तुत कर रहा है। आज मंगलवार का दिन है। यह दिन पूर्ण रूप से भगवान हनुमान को समर्पित है। ऐसा कहा जाता कि जो साधक इस दिन भाव के साथ पूजा-पाठ करते हैं, उन्हें बुद्धि, ज्ञान, सुख और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। साथ ही जीवन में शुभता आती है।प्रदोष व्रत आज त्रिपुष्कर योग में है। आज फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की द्वादशी तिथि, उत्तराषाढ़ा नक्षत्र, व्यतीपात योग, तैतिल करण, उत्तर का दिशाशूल और मकर राशि में चंद्रमा है। आज भौम प्रदोष का व्रत है और शिव पूजन से जीवन में सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है और कुंडली में मौजूद सभी ग्रह दोष दूर होते हैं। जो लोग आज व्रत करते हैं, वे प्रदोष काल में शिव पूजन करें।
आज का विचार
जो व्यक्ति सभ्य है, उनके साथ सभ्य बने रहे। किसी के ओछेपन के चलते अपना चरित्र नीचे करने का कोई ओचित्य नहीं है। अनुशासन लक्ष्यों और उपलब्धियों के बीच पुल है.!!
आज का भगवद् चिन्तन
चिंता से बचे रहें
जीवन में केवल चिंता करने मात्र से कठिनाइयाँ हल नहीं हो जाती हैं। चिन्ता हमारे चिंतन की क्षमता को अवरुद्ध कर देती है और यही अवरोध तो हमारे दुःखों का मूल कारण है। वह एक बार नहीं आजीवन चिंता की अग्नि में जलता रहता है। चिंता करने मात्र से आने वाली समस्या का हल तो नहीं होता है लेकिन वर्तमान की शांति अवश्य भंग हो जाती है। चिंताग्रस्त मस्तिष्क गेंहूँ में घुन लगे उस दाने के समान होता है जो बाहर से साबुत दिखते हुए भी अंदर से खोखला हो जाता है।
किसी भी समस्या के आ जाने पर उसके समाधान के लिए विवेकपूर्ण निर्णय ही चिन्तन है। चिन्तनशील व्यक्ति के लिए कोई न कोई मार्ग अवश्य मिल ही जाता है। जिसके पास विवेक है, वह समस्या के आगे से हटता नहीं अपितु डटता है।जीवन में किसी भी समस्या का डटकर मुकाबला करना आधी सफलता प्राप्त कर लेना भी है। जीवन में विवेक की चाबी से समस्या के ताले अवश्य खुल जाते हैं।