‘वृक्ष मानव’ जन्म शताब्दी वर्ष : राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.विश्वेश्वर दत्त सकलानी की जन्म शताब्दी पर किया भावपूर्ण स्मरण

नई टिहरी। 

Uttarakhand

वृक्षमानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी के जन्म शताब्दी वर्ष को पुजार गाँव में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान विभिन्न संगठन से जुड़े लोगों ने वृक्षमानव को श्रद्धासुमन अर्पित किए। गोष्ठी में वृक्षमानव के महान कार्यों को याद किया जा रहा है।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने  अपने संदेश में कहा कि, ”स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और वृक्षमानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी जी द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सेवी तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जो महान कार्य किया गया, वह पूरी दुनिया के लिए अनुकरणीय है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संदेश में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, समाज सेवी तथा प्रकृति प्रेमी स्व.विश्वेश्वर दत्त सकलानी का उनकी जन्म शताब्दी के अवसर पर उनका भावपूर्ण स्मरण किया है।

मुख्यमंत्री ने वृक्षमानव के रूप में प्रसिद्ध रहे विश्वेश्वर दत्त सकलानी को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने 50 लाख से अधिक पेड़ लगाकर एक अनोखा उपहार समाज को दिया है। विश्वेश्वर दत्त सकलानी ने निस्काम भाव से वृक्षारोपण के माध्यम से प्रकृति को संरक्षित करने का कार्य किया

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने वृक्षमानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी के महान कार्यों को याद करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Uttarakhand

वृक्षमानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी के बेटे संतोष सकलानी ने बताया कि जन्म शताब्दी वर्ष पर 2 जून को पुजार गाँव में वृक्षमानव को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद गोष्ठी की जाएगी। उसके बाद क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा। वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण अभियान पूरे साल भर मनाया जाएगा।

संतोष सकलानी कहते हैं कि जीवन की दृष्टि से पर्यावरण मानव के लिए सर्वोच्च जरुरत है। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अहम पहल है, क्योंकि जीवनदायनी ऑक्सीजन का एकमात्र स्त्रोत वृक्ष ही हैं। मानव जीवन वृक्षों पर ही निर्भर है। यदि वृक्ष नहीं रहेंगे तो धरती पर जीवन संकट में पड़ जाएगा। वृक्ष मानव कहा करते थे कि ये पेड़ ही मेरे भगवान हैं, यही मेरी संतान हैं।

पेड़ों को बचाने के लिए सही यातनाएं

वृक्षमानव के अंतर को टटोलें तो पता चलता है कि उनका शरीर और आत्मा सदैव पेड़-पौधों में बसती थी। उन्होंने जीवन के अंतिम समय तक शरीर को तिल-तिल जलाकर पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाए रखी। वृक्ष मानव की तपस्या से टिहरी के पुजार गांव में खड़ा हुआ लाखों वृक्ष का प्राकृतिक आक्सीजन बैंक लोगों को प्राणवायु देने का काम कर रहा है। पेड़ों को बचाने के वास्ते उन्होंने कई बार लोगों की मार भी खाई, जिनके हित पेड़ों से जुड़े हुए थे। पेड़ों की रक्षा में वे खुद कई बार जख्मी भी हुए।

धरती मेरी किताब, पेड़-पौधे मेरे शब्द
‘‘तीन किलो की कुदाल मेरी कलम है, धरती मेरी किताब है, पेड़-पौधे मेरे शब्द हैं, मैंने इस धरती पर हरित इतिहास लिखा है।’’ ये शब्द वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी के हैं। धरती के बंजर सीने पर लाखों वृक्ष उगाने वाले वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी ने हजारों एकड़ पर विशाल जंगल खड़ा कर दिया था। उन्होंने करीब बारह सौ हेक्टेयर में 50 लाख से अधिक पेड़ लगाए। इनमें बांज, बुरांश, काफल और देवदार के पेड़ शामिल हैं। उनके इस कार्य के लिए वर्ष 1986 में इंदिरा गांधी पर्यावरण पुरुस्कार से भी नवाजा गया। वृक्ष मानव कहा करते थे कि ये पेड़ ही मेरे भगवान हैं, यही मेरी संतानें हैं।

वृक्षमानव का जीवन परिचय
विश्वेश्वर दत्त सकलानी का जन्म 2 जून 1922 को पुजार गांव में हुआ था। वृक्ष मानव को वृक्ष लगाकर प्रकृति को संवारने का कर्मभाव अपने पूर्वजों की विरासत से मिला था। यही कारण है वे आठ वर्ष की खेलने-कूदने की उम्र से ही पेड़ लगाने लगे थे। फिर क्या था, उम्र बढ़ने के साथ-साथ ही बंजर जमीन पर पेड़-पौधे लगाने की श्रृंखला भी बढ़ती चली गई। विश्वेश्वर दत्त सकलानी और उनके बड़े भाई नागेंद्र सकलानी ने आजादी की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई बार वे जेल भी गए। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान नागेंद्र सकलानी शहीद हो गए। 1956 में उनकी पत्नी का भी देहांत हो गया। इन घटनाओं ने उनका वृक्षों से और अधिक लगाव बढ़ा दिया। इसके बाद उनके जीवन का एक ही उद्देश्य बन गया, वृक्षारोपण। 18 जनवरी 2019 को वृक्षमानव इस शरीर को छोड़कर अनंत की यात्रा पर निकल गए। लेकिन उनके अविस्मरणीय कार्य सदैव पर्यावरण संरक्षण के पथ पर आगे बढ़ने का संबल प्रदान करते रहेंगे।

Uttarakhand

पेड़ों के लिए दे दी ‘आंखों रोशनी’
वृक्ष मानव ने पेड़ों के लिए सिर्फ अपना जीवन ही नहीं दिया, अपनी आंखों की रोशनी भी दे दी। वर्ष 1999 में उन्हें आई हैमरेज हो गया। उनका उपचार हुआ। चिकित्सकों का कहना था कि शारीरिक श्रम के कारण उनकी आंखों की नसें फट गई हैं। डाक्टरों ने उनहें शारीरिक श्रम न करने की सख्त हिदायत दी। लेकिन आंखों की रोशनी गंवाने के बाद भी वृक्ष मानव ने पेड़ लगाना नहीं छोड़ा। वह फिर भी कुदाल लेकर जंगल की ओर चले जाते और बीज बोते। सच्चे कर्मयोगी होने के कारण वृक्षमानव प्रचार-प्रसार से हमेशा कोसों दूर रहे हैं। लेकिन अब उनके चले जाने पर वृक्षमानव को पदम श्री अवार्ड दिए जाने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।

Uttarakhand

One thought on “‘वृक्ष मानव’ जन्म शताब्दी वर्ष : राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.विश्वेश्वर दत्त सकलानी की जन्म शताब्दी पर किया भावपूर्ण स्मरण

  1. के पी सकलानी अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण संस्था (यूके) says:

    वृक्ष मानव एवम स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय विशेश्वर दत्त सकलानी जी के जन्म शताब्दी वर्ष पर उन्हे भावभीनी श्रद्धांजलि एवम शतत नमन करते हुए उनके द्वारा किये गये
    अकल्पनीय पचास लाख वृक्षारोपण से शुद्ध पर्यावरण जीवित रहने से लाभान्वित आम जन समुदाय वृक्ष मानव विशेश्वर दत्त सकलानी जी को सर्वोत्तम सम्मान एवम अवार्ड दिए जाने की मांग भारत सरकार तथा उत्तराखंड राज्य सरकार से करता है :- केपी सकलानी अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक कल्याण संस्था उत्तराखंड (देहरादून)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *