हिमालय की समृद्ध संस्कृति एवं लोक आस्था की रक्षा हेतु समर्पित पूज्य गोल्ज्यू महाराज देवता यात्रा 2026 का हमारे क्षेत्र में आगमन हुआ।
चंपावत (कुमाऊँ) से दिनांक 20 अप्रैल को विधिवत पूजा एवं अनुष्ठान के उपरांत यह पावन यात्रा आज हमारे ग्राम पंचायत मरवाड़ी पहुँची।
ग्राम के श्रद्धालु श्री वीरेंद्र बिष्ट जी, जो गोरिला देवता के अनन्य उपासक हैं, उनके निवास स्थान पर देवता का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया। पूरा वातावरण भक्ति, आस्था और उल्लास से ओत-प्रोत रहा।
इस पावन अवसर पर यात्रा में सम्मिलित आदरणीय श्री लाखीराम जोशी जी (पूर्व कैबिनेट मंत्री, उत्तराखंड सरकार) का सानिध्य प्राप्त होना हम सभी के लिए गौरव एवं प्रेरणा का विषय रहा। उनका रात्रि विश्राम मेरे निवास स्थान, मरवाड़ी में हुआ—यह मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य का क्षण रहा।
इस दौरान उनसे जुड़ी अनेक पुरानी स्मृतियाँ भी ताज़ा हुईं। वह समय स्मरणीय है जब वे उत्तर प्रदेश में विधायक रहते हुए कठिन परिस्थितियों में पैदल चलकर हमारे गाँव पहुँचे थे और रात्रि प्रवास भी यहीं किया था।
इसी क्रम में बूढ़ाकेदार–अन्यारखाल मोटर मार्ग की मांग को लेकर स्वर्गीय प्रेम सिंह राणा (पूर्व प्रधान) सहित अन्य साथियों के साथ चले अमरण अनशन के समय भी उनकी उपस्थिति, विभागीय अधिकारियों के साथ संवाद एवं समाधान की दिशा में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।
उन्होंने उस समय भी हम जैसे कार्यकर्ताओं की बात को गंभीरता से सुना और समाधान का मार्ग प्रशस्त किया। उनकी वही सादगी, सरलता और जनसेवा की भावना आज भी यथावत देखने को मिलती है।
आज के समय में जहाँ कई लोग केवल दिखावे और स्वार्थ में लगे हैं, वहीं सच्चे मन से सेवा करने वाले व्यक्तित्व समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत बने रहते हैं—श्री जोशी जी इसका जीवंत उदाहरण हैं।
ऐसी दिव्य यात्राएँ न केवल हमारी आस्था को सुदृढ़ करती हैं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता को भी नई ऊर्जा प्रदान करती हैं।
— मालचन्द सिंह बिष्ट
पूर्व मण्डल अध्यक्ष, भाजपा बूढ़ाकेदार