हिमाचल में कांग्रेस को मिला बहुमत, पार्टी ने 40 सीटें जीती, भाजपा 25 पर सिमटी, मुख्यमंत्री पर फैसला कल

हिमाचल प्रदेश के सभी 68 सीटों के परिणाम आ गए हैं, जिसमें कांग्रेस 40 सीट जीत चुकी है। वहीं भाजपा को 25 सीटों में जीत हासिल हुई है। जयराम ठाकुर ने भी हार को स्वीकार करते हुए राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। 

Uttarakhand

हिमशिखर खबर ब्यूरो

हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती खत्म हो गई है। कांग्रेस ने 40 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि बीजेपी को 25 सीटों पर जीत मिली है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जनता ने रिवाज कायम रखते हुए राज बदल दिया है। यानी, हर चुनाव की तरह इस बार भी सत्ता बदली है। अंतिम नतीजों में कांग्रेस ने बहुमत के लिए जरूरी 35 सीटों का आंकड़ा पार कर लिया है।

वहीं, भाजपा 25 सीटों पर सिमट गई। 2017 के मुकाबले उसे 19 सीटों का नुकसान हुआ। 3 सीटों पर निर्दलियों ने जीत दर्ज की है। MCD चुनाव में भाजपा को हराने वाली आम आदमी पार्टी पहाड़ में खाता भी नहीं खोल पाई। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नतीजों के बाद इस्तीफा दे दिया। इधर, कांग्रेस ने नई सरकार के गठन के लिए कल चंडीगढ़ में निर्वाचित विधायकों की बैठक बुलाई है।

हिमाचल में रिवाज बरकरार-
प्रदेश के विधानसभा चुनाव में पांच साल भाजपा और पांच साल कांग्रेस ही सत्ता में रही है। 1985 से अगर देखा जाए तो दोनों ही पार्टी 5-5 साल सत्ता में रही है। दोनों में से किसी भी पार्टी ने लगातार 10 साल तक प्रदेश में राज नहीं किया है। 2017 से 2022 तक जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनी। तो वहीं इसी रिवाज को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल के मतदाओं ने इस बार कांग्रेस को मौका दिया है।

भाजपा के 8 मंत्री चुनाव हारे
हिमाचल में हर चुनाव में 45 से 75% मंत्रियों के चुनाव हारने का रिकॉर्ड है। इस बार भी जयराम ठाकुर कैबिनेट के 10 में से 8 मंत्री चुनाव हार गए।

कांग्रेस में मुख्यमंत्री को लेकर मंथन शुरू
सूत्रों के मुताबिक, हिमाचल में जीत के बाद कांग्रेस में CM चेहरे को लेकर मंथन शुरू हो गया है। नई सरकार के गठन को लेकर कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक शुक्रवार को चंडीगढ़ में रखी गई है। इसमें हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला और छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री के लिए हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम पर विचार किया जा रहा है। प्रतिभा सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं और मंडी लोकसभा सीट से सांसद भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *