सुप्रभातम्: कहीं जाते समय शव यात्रा देखना शुभ होता या अशुभ?

हिमशिखर खबर ब्यूरो

Uttarakhand

जब आप कहीं बाहर यात्रा पर जाते हैं तब कई बार आपको कुछ ऐसे संकेत मिलते हैं जिनके कुछ शुभ या अशुभ परिणाम हो सकते हैं। जैसे यदि यात्रा पर जाते समय या घर से बाहर निकलते समय अगर आपकी आंख फड़कने लगे तो ये आपके लिए कुछ शुभ या अशुभ संकेत भी हो सकता है। ऐसे ही कई बार बाहर निकलते समय बिल्ली रास्ता काट जाए तब भी आपको इसके कुछ संकेत मिलते हैं। इस विषय पर अगले लेख पर चर्चा की जाएगी।

जाने अंजाने कुछ ऐसी घटनाएं होने लगती हैं जो आपके बाहर जाते समय आपका काम पूरा होगा या नहीं इस बात की ओर इशारा करती हैं। एक ऐसी ही घटना है कहीं बाहर जाते समय शव यात्रा को देखना। आपमें से न जाने कितने लोगों के मन में ये सवाल आते होंगे कि कहीं बाहर जाते समय शव यात्रा को देखना शुभ होता है या नहीं?

भगवद्गीता में है ये बात

भगवत गीता के अनुसार जन्म और मृत्यु पूर्ण रुप से एक दूसरे पर आश्रित हैं। ये दोनों अटल परिस्थितियां हैं जिसे कभी भी टाला नहीं जा सकता है। भगवत गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है मृत्यु एक ऐसा सत्य है जिसे टालना असंभव है। जिसने जन्म लिया है उसकी मौत सुनिश्चित है। जिसने भी जन्म लिया है उसे एक दिन इस दुनिया को छोड़कर जाना ही पड़ेगा। इंसान हो, जानवर हो या कोई भी प्राणी कभी न कभी तो उसे मौत की नींद सोना ही है। भगवान श्री कृष्ण ने स्वयं कहा है कि आत्मा एक शरीर छोड़कर दूसरे शरीर में प्रवेश करती है। यानी कि जिसकी भी मृत्यु हुई है वह लौटकर किसी दूसरे रूप में जरूर आएगा।

कहीं बाहर जाते समय शव यात्रा देखने का मतलब

जब भी हम बाहर जाते समय किसी शव यात्रा को देखते हैं तो हम डर जाते हैं कि आज का दिन शुभ रहेगा या नही। वैसे ज्योतिष के अनुसार शव यात्रा को देखना शुभ होता है। ऐसा माना जाता है कि ऐसा कोई भी दृश्य देखने पर आपकी सारी मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं। रास्ते में दिखने वाली शव यात्रा को सभी लोग प्रणाम करते हैं तथा शिव का ध्यान करते हैं। ऐसा इसलिए किया जाता है क्योंकि मान्यता है कि ऐसा करने से मृत व्यक्ति प्रणाम करने वाले व्यक्ति के सभी कष्ट अपने साथ ले जाता है।

शवयात्रा देखना शुभ क्यों होता है

हिन्दू शास्त्रों के अनुसार मृत्यु के बाद व्यक्ति की आत्मा परमात्मा में लीन हो जाती है। इसलिए शवयात्रा देखना शुभ माना जाता है। शास्त्रों के अनुसार किसी की अंतिम विदाई देखने से व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है। ऐसा माना जाता है कि शवयात्रा देखना सुखद एवं मंगलमय भविष्य का सूचक है। मान्यता यह भी है कि शव यात्रा को देखने से अधूरे काम पूरे होने की संभावनाएं बनने लगती हैं, दुखों का नाश और सुखी जीवन का आगाज़ होता है।

कैसी शव यात्रा शुभ मानी जाती है

दरअसल रास्ते में शव यात्रा देखना शुभ है या अशुभ यह कई बातों पर निर्भर करता है। जैसे यदि रास्ते में शव के साथ ढोल नगाड़े बज रहे हों तो यह आपके लिए शुभ संकेत हो सकता है। ऐसा माना जाता है ऐसी यात्रा देखने से जिस भी काम के लिए आप निकल रहे हैं उसमें आपको सफलता जरूर मिलेगी। एक धार्मिक मान्यता यह भी है कि यदि कोई व्यक्ति किसी मृत व्यक्ति को कंधा देता है तो उस व्यक्ति को एक यज्ञ के बराबर का पुण्य मिलता है। शव यात्रा को देखकर शिव का ध्यान करने से माना जाता है कि मृत व्यक्ति को मुक्ति मिलती है साथ ही उस व्यक्ति की सभी परेशानियां दूर होती है।

इस तरह ज्योतिष की मानें तो रास्ते में शव यात्रा के दर्शन आपके जीवन के लिए मिले जुले प्रभाव लाते हैं, लेकिन ऐसी यात्रा देखकर मृत व्यक्ति को हाथ जोड़कर प्रणाम जरूर करें और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *