
हिमशिखर खबर ब्यूरो
देहरादून: उत्तराखंड शासन ने नगर निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति कर दी है। शहरी विकास निदेशालय के मुताबिक, वर्ष 2018 में निर्वाचित सभी नगर निकायों का कार्यकाल एक दिसंबर 2023 को पूरा हो रहा है। शनिवार से सभी निकायों में प्रशासक तैनात हो जाएंगे। इस संबंध में शासन ने अधिसूचना जारी कर दी है।


निगम, पालिका, नगर पंचायत के चुनाव लटके
नगर निगमों, पालिका और नगर पंचायतों के चुनाव फिलहाल लटक गए हैं। प्रशासक के तौर पर सभी जिलों के जिलाधिकारियों को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी अपने हिसाब से अब निकायों की सभी व्यवस्थाएं देखेंगे। आपको बता दें कि अभी नगर निकाय के चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूची तैयार करने का काम किया जा रहा है। उधर, एकल सदस्यीय समर्पित आयोग की ओर से ओबीसी का सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। इसके बाद ही निकाय चुनाव हो पाएंगे।