‘वृक्ष मानव’ के नाम से मशहूर विश्वेश्वर दत्त सकलानी जन्म शताब्दी वर्ष पर रोपे जाएंगे पौधे

नई टिहरी। 

Uttarakhand

इस धरा पर मानव कर्म करने में स्वतंत्र है। आज का मनुष्य रोजमर्रा की निजी जिंदगी में उलझा हुआ है। लेकिन बहुत कम लोग होते हैं, जो अपने जीवन में स्वार्थ से रहित होकर मानव जाति के कल्याण के लिए अपना कर्म करते हैं। ऐसे देहधारी लोग ही इस संसार में मानव के रूप में जन्म लेकर महामानव बन जाते हैं। ठीक इसी तरह कर्मयोगी वृक्षमानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी ने भी निष्काम भाव से प्रकृति को सजाने और संवारने में अपने जीवन की आहुति दे दी।

वृक्षमानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी के जन्म शताब्दी वर्ष को इस साल धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान गाँव में वृक्षारोपण किया जाएगा। वृक्षमानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी के बेटे संतोष सकलानी ने बताया कि जन्म शताब्दी वर्ष पर 2 जून को पुजार गाँव में वृक्षमानव को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद गोष्ठी की जाएगी। उसके बाद क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वृक्षारोपण किया जाएगा। वन विभाग के सहयोग से वृक्षारोपण अभियान पूरे साल भर मनाया जाएगा।

संतोष सकलानी कहते हैं कि जीवन की दृष्टि से पर्यावरण मानव के लिए सर्वोच्च जरुरत है। पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अहम पहल है, क्योंकि जीवनदायनी ऑक्सीजन का एकमात्र स्त्रोत वृक्ष ही हैं। मानव जीवन वृक्षों पर ही निर्भर है। यदि वृक्ष नहीं रहेंगे तो धरती पर जीवन संकट में पड़ जाएगा। वृक्ष मानव कहा करते थे कि ये पेड़ ही मेरे भगवान हैं, यही मेरी संतान हैं।

पेड़ों को बचाने के लिए सही यातनाएं

Uttarakhand

वृक्षमानव के अंतर को टटोलें तो पता चलता है कि उनका शरीर और आत्मा सदैव पेड़-पौधों में बसती थी। उन्होंने जीवन के अंतिम समय तक शरीर को तिल-तिल जलाकर पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाए रखी। वृक्ष मानव की तपस्या से टिहरी के पुजार गांव में खड़ा हुआ लाखों वृक्ष का प्राकृतिक आक्सीजन बैंक लोगों को प्राणवायु देने का काम कर रहा है। पेड़ों को बचाने के वास्ते उन्होंने कई बार लोगों की मार भी खाई, जिनके हित पेड़ों से जुड़े हुए थे। पेड़ों की रक्षा में वे खुद कई बार जख्मी भी हुए।

धरती मेरी किताब, पेड़-पौधे मेरे शब्द
‘‘तीन किलो की कुदाल मेरी कलम है, धरती मेरी किताब है, पेड़-पौधे मेरे शब्द हैं, मैंने इस धरती पर हरित इतिहास लिखा है।’’ ये शब्द वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी के हैं। धरती के बंजर सीने पर लाखों वृक्ष उगाने वाले वृक्ष मानव विश्वेश्वर दत्त सकलानी ने हजारों एकड़ पर विशाल जंगल खड़ा कर दिया था। उन्होंने करीब बारह सौ हेक्टेयर में 50 लाख से अधिक पेड़ लगाए। इनमें बांज, बुरांश, काफल और देवदार के पेड़ शामिल हैं। उनके इस कार्य के लिए वर्ष 1986 में इंदिरा गांधी पर्यावरण पुरुस्कार से भी नवाजा गया। वृक्ष मानव कहा करते थे कि ये पेड़ ही मेरे भगवान हैं, यही मेरी संतानें हैं।

वृक्षमानव का जीवन परिचय
विश्वेश्वर दत्त सकलानी का जन्म 2 जून 1922 को पुजार गांव में हुआ था। वृक्ष मानव को वृक्ष लगाकर प्रकृति को संवारने का कर्मभाव अपने पूर्वजों की विरासत से मिला था। यही कारण है वे आठ वर्ष की खेलने-कूदने की उम्र से ही पेड़ लगाने लगे थे। फिर क्या था, उम्र बढ़ने के साथ-साथ ही बंजर जमीन पर पेड़-पौधे लगाने की श्रृंखला भी बढ़ती चली गई। विश्वेश्वर दत्त सकलानी और उनके बड़े भाई नागेंद्र सकलानी ने आजादी की लड़ाई में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई बार वे जेल भी गए। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान नागेंद्र सकलानी शहीद हो गए। 1956 में उनकी पत्नी का भी देहांत हो गया। इन घटनाओं ने उनका वृक्षों से और अधिक लगाव बढ़ा दिया। इसके बाद उनके जीवन का एक ही उद्देश्य बन गया, वृक्षारोपण। 18 जनवरी 2019 को वृक्षमानव इस शरीर को छोड़कर अनंत की यात्रा पर निकल गए। लेकिन उनके अविस्मरणीय कार्य सदैव पर्यावरण संरक्षण के पथ पर आगे बढ़ने का संबल प्रदान करते रहेंगे।

Uttarakhand

पेड़ों के लिए दे दी ‘आंखों रोशनी’
वृक्ष मानव ने पेड़ों के लिए सिर्फ अपना जीवन ही नहीं दिया, अपनी आंखों की रोशनी भी दे दी। वर्ष 1999 में उन्हें आई हैमरेज हो गया। उनका उपचार हुआ। चिकित्सकों का कहना था कि शारीरिक श्रम के कारण उनकी आंखों की नसें फट गई हैं। डाक्टरों ने उनहें शारीरिक श्रम न करने की सख्त हिदायत दी। लेकिन आंखों की रोशनी गंवाने के बाद भी वृक्ष मानव ने पेड़ लगाना नहीं छोड़ा। वह फिर भी कुदाल लेकर जंगल की ओर चले जाते और बीज बोते। सच्चे कर्मयोगी होने के कारण वृक्षमानव प्रचार-प्रसार से हमेशा कोसों दूर रहे हैं। लेकिन अब उनके चले जाने पर वृक्षमानव को पदम श्री अवार्ड दिए जाने की मांग भी जोर पकड़ने लगी है।

Uttarakhand

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *