अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों से पहले राज्यों के संगठनात्मक प्रभार में बड़ा बदलाव किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई सूची जारी की।
नई व्यवस्था के तहत राम माधव को उत्तराखंड का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
इस फेरबदल के साथ अब तक उत्तराखंड भाजपा के प्रभारी रहे दुष्यंत कुमार गौतम की जगह राम माधव ने ली है।
2027 पर संगठन का फोकस
उत्तराखंड उन राज्यों में शामिल है जहां 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। भाजपा की नई सूची में चुनाव वाले राज्यों के लिए संगठनात्मक टीमों का पुनर्गठन किया गया है। उत्तराखंड में अब एक प्रभारी और दो सह-प्रभारियों की टीम पार्टी के संगठनात्मक कामकाज को संभालेगी।
यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब भाजपा उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर रही है। सितंबर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी हिस्सा लिया था, जहां संगठन और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई थी।