केदारनाथ में हेलिकॉप्टर क्रैश में 7 लोगों की मौत, जानिए हेलिकॉप्टर में सवार व्यक्तियों का विवरण, सीएम धामी ने दिए हादसे की जांच के आदेश

हिमशिखर खबर ब्यूरो

देहरादून: केदारनाथ में एक हेलिकॉप्टर क्रैश होने की वजह से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि केदारनाथ से 2 किलोमीटर दूर गरुडचट्टी में यह हादसा हुआ है। हादसे में पायलट समेत सभी 7 लोगों की मौत हो गई है। राहत और बचाव कार्य हेतु एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम पहुंची है।

केदारनाथ में आज मंगलवार को श्रीकेदारनाथ यात्रा मार्ग पर लिंचोली व गरुड़चट्टी के बीच एक हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की सूचना पर SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची।

SDRF टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। उक्त हेलीकाप्टर आर्यन कंपनी का था जिसमें 07 लोग सवार थे। कयास लगाए जा रहे हैं कि कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर हेलीकॉप्टर पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया होगा।

हेली में सवार व्यक्तियों का विवरण:-

01.पूर्वा रामानुज
02.कृति ब्राड
03.उर्वी
04.सुजाता
05.प्रेम कुमार
06.काला
07.पायलट अनिल सिंह

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर खेद जताया है। उन्होंने कहा कि केदारनाथ के समीप गरुडचट्टी में दुर्भाग्यपू्ण हेलिकॉप्टर क्रैश में कई लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। राहत और बचाव कार्य हेतु एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीम वहां राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंची है। इस घटना के विस्तृत जानकारी के आदेश दिए गए हैं।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने जताया दुख

हेलिकॉप्टर क्रैश की घटना पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दुख जताया है। उन्होंने कहा है उत्तराखंड सरकार से हादसे पर बात हो रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।