टिहरी के बेटे ने बढ़ाया गौरव: रोहित भट्ट ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को किया फतह

हिमशिखर खबर ब्यूरो

Uttarakhand

नई टिहरी: विकास खंड भिलंगना के खाल पाली, कोटी निवासी युवा पर्वतारोही रोहित भट्ट ने अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी तंजानिया स्थित माउंट किलिमंजारो को फतह किया है। उन्होंने 28 जनवरी की सुुबह 19 हजार 340 फीट ऊंचे माउंट किलिमंजारो को चढ़ने में सफलता पाई। रोहित की सफलतापूर्वक आरोहण करने की खबर पर उनके गांव में खुशी का माहौल है।

किलिमंजारो शिखर की ऊंचाई 5895 मीटर अर्थात 19341 फीट है। यह शिखर तंजानिया देश में स्थित है। ठीक भूमध्य रेखा पर स्थित यह एक ज्वालामुखी शिखर है। ज्वालामुखी इतिहास काल में निष्क्रिय ही रहा है।

रोहित भट्ट के बारे में बता दें कि यह वही रोहित है जो 4 अक्टूबर 2022 के दिन नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के एडवांस प्रशिक्षण के दौरान द्रोपदी का डांडा दुर्घटना में बाल-बाल बचा था। उस दुर्घटना में उसके अधिकांश प्रशिक्षणार्थी साथियों की दुखद मृत्यु हो गई थी। रोहित ने तत्काल बचाव और राहत के दौरान अपने कुछ साथियों को बचाया और बाद में कुछ के शव को खाई से निकालने में रेस्क्यू टीम की मदद की।

खास बात यह भी है कि रोहित अपने उन साथियों को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके फोटो वाले एक बैनर को साथ लेकर गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *