हरेला पर्व पर प्राथमिक विद्यालय मरोड़ा में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

नई टिहरी। हरेला पर्व के अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय मरोड़ा में वन विभाग, सकलाना रेंज के मजगांव बीट के तत्वावधान में पौधारोपण, वन्यजीव संरक्षण, वनाग्नि सुरक्षा एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामीणों और वन विभाग के अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सीता मनवाल ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर सभी से अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सरोप सिंह नेगी, वन सरपंच दयाल सिंह नेगी, वन सरपंच अनुसूया प्रसाद उनियाल, एसडीओ हीरा सिंह पंवार, वन बीट अधिकारी अंकित राणा, प्यार चंद्र मौला सहित वन विभाग के अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


वन सरपंच अनुसूया प्रसाद उनियाल ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए वृक्षारोपण ही सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि शुद्ध जल और स्वच्छ वायु का आधार केवल वन और वृक्ष हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना चाहिए।
अनुविभागीय वन अधिकारी हीरा सिंह पंवार ने ग्रामीणों और विद्यार्थियों को वनाग्नि से बचाव के उपाय बताते हुए जंगलों की सुरक्षा में जनसहभागिता का आह्वान किया। वहीं समाजसेवी अनिल हटवाल ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन, गीत और संदेश तैयार कर समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।


कार्यक्रम के दौरान चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने हरित उत्तराखण्ड के निर्माण, पर्यावरण संरक्षण एवं रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प लिया।