चम्बा : दस माह बाद होनी थी सेवानिवृत्ति, ड्यूटी के दौरान थम गईं सांसें

आईटीबीपी के एसआई शीशपाल सिंह सजवाण का हार्ट अटैक से निधन, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

कोटी कालोनी घाट पर गूंजा अंतिम सलाम, पत्नी-बेटे-बेटी को छोड़ गए पीछे


चंबा। देश की सीमाओं की हिफाजत में जिंदगी के 59 वर्ष समर्पित कर चुके आईटीबीपी के एसआई शीशपाल सिंह सजवाण की जिंदगी का सफर अचानक थम गया। करीब दस माह बाद उन्हें सेवानिवृत्त होना था, लेकिन शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान आए हृदयाघात ने परिवार के भविष्य के सारे सपने और खुशियां पलभर में छीन लीं। शनिवार को कोटी कालोनी स्थित पैतृक घाट पर जब उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई तो पूरा चंबा क्षेत्र गमगीन हो उठा।


विकासखंड चंबा के गुल्डी गांव निवासी शीशपाल सिंह सजवाण आईटीबीपी की तीसरी बटालियन में एसआई के पद पर तैनात थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी बरेली में थी। शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उपचार से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।


गांव पहुंचा पार्थिव शरीर तो हर आंख हुई नम
आईटीबीपी की ओर से शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव गुल्डी लाया गया। जवान के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।


शनिवार दोपहर कोटी कालोनी स्थित पैतृक घाट पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। आईटीबीपी के जवानों ने शोकाकुल माहौल के बीच उन्हें अंतिम सलामी दी। सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई के दौरान वहां मौजूद हर आंख नम हो गई


दस माह बाद सेवानिवृत्ति, अधूरा रह गया सपना
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार शीशपाल सिंह सजवाण करीब दस माह बाद सेवा से सेवानिवृत्त होने वाले थे। परिवार के साथ भविष्य की जिंदगी बिताने के सपने संजोए थे, लेकिन अचानक आई मौत की खबर ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।


शीशपाल सिंह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


सेवा और समर्पण को किया याद
ग्रामीणो ने बताया कि शीशपाल सिंह लंबे समय से आईटीबीपी में सेवाएं दे रहे थे। क्षेत्रवासियों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि देश सेवा में समर्पित जवान की अचानक मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।


गुल्डी से चंबा तक पसरा मातम
जैसे ही उनके निधन की खबर गुल्डी गांव और चंबा क्षेत्र में पहुंची, शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने कहा कि शीशपाल सिंह ने अपना जीवन देश की सेवा में लगा दिया। उनका अचानक चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
क्षेत्रवासियों ने दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।