जगधार में गुलदार की दस्तक से दहशत

घर के आंगन में बंधे कुत्ते को गुलदार ने बनाया निवाला

Uttarakhand

चम्बा । ग्राम पंचायत जगधार क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार की आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शाम होते ही गुलदार घरों के आसपास मंडराने लगा है। गत शाम करीब पांच बजे गुलदार ने ग्राम जगधार निवासी चमन कोठारी के घर के पास बंधे कुत्ते पर हमला कर उसे मार डाला। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे और उनकी आंखों के सामने गुलदार कुत्ते को अपना शिकार बनाकर ले गया।


घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की लगातार बढ़ती सक्रियता के कारण बच्चे और बुजुर्ग शाम पांच बजे के बाद घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। महिलाओं के लिए भी चारापत्ती लेने जंगल की ओर जाना मुश्किल हो गया है।

पीड़ित चमन कोठारी ने बताया कि शाम करीब पांच बजे घर के पास बंधे कुत्ते पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। परिवार के लोग घर पर ही मौजूद थे और उनके सामने ही गुलदार कुत्ते को मारकर ले गया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद परिवार में भय का माहौल है। गुलदार जिस तरह आबादी के बीच पहुंच रहा है, उससे किसी व्यक्ति पर भी हमले की आशंका बनी हुई है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य सुशील कुमार बहुगुणा ने बताया कि गुलदार की लगातार हो रही आवाजाही के संबंध में वन विभाग को सूचित कर दिया गया है। उन्होंने विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

Uttarakhand Uttarakhand


ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है। उन्होंने आबादी वाले क्षेत्र में वन विभाग की टीम तैनात करने और गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के आतंक के कारण उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। शाम होते ही रास्ते सुनसान हो जा रहे हैं। चारापत्ती और अन्य जरूरी कामों के लिए बाहर निकलने वाली महिलाओं में भी भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय गुलदार को पकड़ने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।


गुलदार को पकड़ने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग करने वालों में हरीश कोठारी, कृष्णा कोठारी, ओम प्रकाश कोठारी, विनोद, सूरज, प्रदीप समेत कई ग्रामीण शामिल हैं।

Uttarakhand UttarakhandUttarakhand