यमुनोत्री हाईवे पर हादसा, कार खाई में गिरने से चार लोगों की मौत

हिमशिखर खबर ब्यूरो

उत्तरकाशी: पहाड़ में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला यमुनोत्री हाईवे का है। यहाँ यमुनोत्री हाईवे पर कार खाई में गिरने से शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अभी तक चार लोगों की मौत होने की खबर है। पुलिस प्रशासन की टीम घटनास्थल पहुँच गई है।

उत्तरकाशी जनपद में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर ब्रह्मखाल के पास कार अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई। दो अन्‍य गंभीर रूप से घायल है। उत्‍तराखंड में 24 घंटे के अंतराल में यह दूसरी बड़ी सड़क दुर्घटना है।

उत्‍तरकाशी से बड़कोट जा रही थी कार

जानकारी के अनुसार, यह कार उत्तरकाशी से बड़कोट की ओर जा रही थी। इस दौरान यमुनोत्री हाईवे पर ब्रह्मखाल के पास कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।