देश के लिए बड़ी उपलब्धि:यूनेस्को ने बंगाल की दुर्गा पूजा को दिया सांस्कृतिक विरासत का दर्जा, पीएम मोदी ने बताया `गर्व का पल`

नई दिल्ली

पश्चिम बंगाल के साथ-साथ देश के लिए भी बड़ी खुशखबरी है। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) ने पश्चिम बंगाल के दुर्गा पूजा उत्सव को हेरिटेज का दर्जा दे दिया है। यूनेस्को के इस फैसले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे हर भारतीय के लिए गर्व और खुशी की बात बताई है।

यूनेस्को ने ट्विटर पर देवी दुर्गा की मूर्ति वाली एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘कोलकाता में दुर्गा पूजा को अभी-अभी अमूर्त विरासत सूची में शामिल किया गया है। भारत को शुभकामनाएं।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस फैसले की सराहना करते हुए इसे भारतवासियों के लिए गर्व और खुशी का पल करार दिया है। मोदी ने एक ट्वीट में कहा, , “प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और खुशी का पल। दुर्गा पूजा हमारी सर्वोत्तम परंपराओं और लोकाचार को पेश करती है और कोलकाता की दुर्गा पूजा का अनुभव हर किसी को जरूर करना चाहिए।”