साल के पहले दिन आया भूकंप: दिल्ली में भूकंप के झटके, रिक्टर स्केल पर तीव्रता 3.8 रही

  • साल के पहले दिन दिल्ली-एनसीआर में महसूस किए गए भूंकप के झटके
  • भूकंप का केंद्र हरियाणा का झज्जर इलाका था, तीव्रता 3.8 मापी गई
  • दिल्ली-एनसीआर में बार-बार आने वाले भूकंप से दहशत में हैं लोग

हिमशिखर खबर ब्यूरो

नई दिल्ली: नए साल के स्वागत में खुशियां मना रहे दिल्ली और आसपास के लोगों की खुशियां उस समय काफूर हो गईं जब रात को धरती डोल उठी। नए साल के पहले दिन रविवार देर रात दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप से किसी जान-माल की हानि की जानकारी नहीं मिली है। भूकंप की तीव्रता 3.8 रही। नए साल के जश्न में डूबे लोगों ने शायद भूकंप के झटके महसूस नहीं किए हों, लेकिन साल की शुरुआत में भूकंप के झटकों से लोगों के मन दहशत जरूर बैठ गई है।

जोन तीन और चार में आता है रोहतक और झज्जर

भूकंपीय जोनिंग मैप के अनुसार रोहतक-झज्जर जोन तीन और जोन चार में आता है। भारत में भूकंप को चार जोन में बांटा गया है। जिसमें जोन दो, तीन, चार और पांच शामिल है। इसको खतरों के हिसाब से आंका जाता है। जोन दो में सबसे कम खतरा और जोन पांच में सबसे अधिक खतरा होता है। मैप में जोन दो को आसमानी रंग, जोन तीन को पीला रंग, जोन चार को संतरी रंग और जोन पांच को लाल रंग दिया गया है। इसमें रोहतक जिले का दिल्ली साइड का क्षेत्र जोन चार व हिसार साइड का क्षेत्र जोन तीन में आता है।