यूक्रेन में फंसे भारतीयों का पहला जत्था रोमानिया पहुंचा, देखिए VIDEO

नई दिल्ली। 

यूक्रेन से भारतीय नागरिकों का पहला जत्था सुचावा सीमा चौकी पार करने के बाद शुक्रवार को रोमानिया पहुंचा। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने दी। स्टूडेंट ने रवानगी के साथ ही हाथों में तिरंगा थाम रखा था। वहीं जिस बस में सवार होकर वे गए उस पर भी तिरंगा और इंडियन स्टूडेंट ऑन बोर्ड का पर्चा लगा हुआ था।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘‘यूक्रेन से सुचावा सीमा पार बिंदु पार करके भारतीयों का पहला जत्था रोमानिया पहुंच गया है। सुचावा पर हमारा दल अब उन्हें बुखारेस्ट जाने में मदद करेगा जहां से उन्हें भारत लाया जाएगा।’’

बागची ने एक ट्वीट में सीमा पार करते भारतीयों की वीडियो भी साझा की। सूत्रों के अनुसार भारतीयों को रोमानिया के बुखारेस्ट से वापस लाने के लिए एयर इंडिया दो उड़ानें संचालित करेगी। अगले कुछ दिनों में और उड़ानें संचालित की जा सकती हैं।

सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया की उक्त दो उड़ानें शनिवार को बुखारेस्ट से रवाना होंगी। रूसी हमले के बाद यूक्रेन की सरकार ने देश के हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है इसलिए भारत अपने नागरिकों को हंगरी, स्लोवाकिया और रोमानिया से लगती यूक्रेन की सीमाओं के जरिये निकालने का प्रयास कर रहा है।