2022 का पहला मन की बात कार्यक्रम आज: आधे घंटे की होगी देरी, जानिए वजह

नई दिल्ली

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2022 के पहले मन की बात कार्यक्रम को आज संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री का रेडियो संबोधन हर महीने के आखिरी रविवार को सुबह 11 बजे होता है। हर महीने के अंतिम रविवार को होने वाले कार्यक्रम का यह 85वां एपिसोड है।

आधा घंटा देरी से शुरू होगा कार्यक्रम 

मन की बात कार्यक्रम इस बार अपने निर्धारित समय से कुछ देरी से शुरू होगा। यह जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से दी गई है। जानकारी के मुताबिक, मन की बात कार्यक्रम 11:30 बजे से शुरू होगा। दरअसल, आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि भी है। पीएम मोदी पहले बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, इसके बाद वह रेडियो के जरिए मन की बात कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इससे पहले यह कार्यक्रम हमेशा 11 बजे शुरू होता था।

नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से की अपील

महात्मा गांधी की पुण्य तिथि के दिन होने जा रहे इस कार्यक्रम में पीएम मोदी बापू के बारे में बोल सकते हैं। देश की आजादी में उनके योगदान के बारे में जनता को अवगत करा सकते हैं। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि बूथ लेवल पर ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस कार्यक्रम में जोड़ें और उन्हें पीएम का संबोधन सुनाएं।