राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री तक पहुंचाई गईं तीन प्रमुख मांगें; उप जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा ज्ञापन
धर्म-संस्कृति की रक्षा, शिक्षा में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य को लेकर उठाई आवाज
धनोल्टी। गोपाष्टमी के पावन अवसर पर सर्वजन सनातन पार्टी (ससपा) ने गौ संरक्षण, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पेपर लीक घोटालों पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर व्यापक जनहित संकल्प लिया। माँ सुरकंडा देवी मंदिर में आयोजित इस संकल्प के माध्यम से पार्टी ने केंद्र एवं राज्य सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मुद्दे उठाते हुए उन्हें राष्ट्रीय विमर्श का विषय बनाने की पहल की।
पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गौ माता की रक्षा, गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध तथा गौ माता को राज्यमाता एवं राष्ट्रमाता का सम्मान प्रदान करने की मांग दोहराई। इसके साथ ही UGC के कथित काले कानून को निरस्त करने और देश में सभी विद्यार्थियों के लिए समान, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवाज बुलंद की। परीक्षाओं में लगातार सामने आने वाले पेपर लीक प्रकरणों पर चिंता जताते हुए इस पूरे तंत्र को जड़ से समाप्त करने का संकल्प भी लिया गया।
इन मांगों को शासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाने के लिए सर्वजन सनातन पार्टी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री अनुसूया प्रसाद उनियाल ने उप जिलाधिकारी धनोल्टी के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया। ज्ञापन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री तक इन विषयों को पहुंचाकर आवश्यक नीतिगत एवं प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया।
गौ संरक्षण को ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वावलंबन से जोड़ा
पार्टी का मानना है कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक कृषि, स्वास्थ्य, समृद्धि और आत्मनिर्भरता से भी गहराई से जुड़ा है। गौ आधारित अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन देकर गांवों में रोजगार, किसानों की आय और स्थानीय स्वावलंबन के नए अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
युवाओं के भविष्य से समझौता नहीं
शिक्षा के मुद्दे पर पार्टी ने स्पष्ट किया कि किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में विद्यार्थियों को निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए। परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, भर्ती प्रक्रियाओं में जवाबदेही और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई समय की आवश्यकता है। शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बहाल करना देश के युवाओं के भविष्य से जुड़ा प्रश्न है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संगठन मंत्री अनुसूया प्रसाद उनियाल ने कहा कि गोपाष्टमी केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि गौ माता के प्रति सामाजिक दायित्वों और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प दिवस भी है। गौ संरक्षण, शिक्षा में समानता और परीक्षा व्यवस्था की शुचिता जैसे विषय किसी एक संगठन के नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज और राष्ट्र के भविष्य से जुड़े हैं। पार्टी इन मांगों को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से संबंधित उच्च पदाधिकारियों तक पहुंचाने तथा इनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
गोपाष्टमी के अवसर पर उठी यह पहल गौ सम्मान, संवैधानिक जवाबदेही और युवा भविष्य की सुरक्षा को एक साझा राष्ट्रीय एजेंडे के रूप में सामने लाने का प्रयास है।