पंचांग का अति प्राचीन काल से ही बहुत महत्त्व माना गया है. ज्योतिष शास्त्रों में भी पंचांग को बहुत महत्त्व दिया गया है और पंचाग का पठन एवं श्रवण अति शुभ माना गया है.
पंडित उदय शंकर भट्ट
आज आपका दिन मंगलमयी हो, यही मंगलकामना है। ‘हिमशिखर खबर’ हर रोज की तरह आज भी आपके लिए पंचांग प्रस्तुत कर रहा है.
जीवन यात्रा का सौंदर्य
अर्जन और विसर्जन के संतुलन में ही जीवन की पूर्णता
नवीन पत्तों और पुष्पों की प्राप्ति के लिए वृक्ष को अपने पुराने, सूखे पत्तों का त्याग करना पड़ता है। यह त्याग वृक्ष की कमजोरी नहीं, बल्कि उसकी जीवन यात्रा का सौंदर्य है। प्रकृति हमें सिखाती है कि नवीनता के स्वागत के लिए पुराने और अनुपयोगी का विसर्जन आवश्यक है।
अर्जन और विसर्जन जीवन के दो महत्वपूर्ण पहलू हैं। केवल प्राप्ति से अथवा केवल त्याग से जीवन की श्रेष्ठता का मूल्यांकन नहीं किया जा सकता। मानव जीवन में जितना महत्व प्राप्त करने का है, उतना ही महत्व त्याग करने का भी है। जीवन में अनेक वस्तुएँ, विचार, अनुभव और गुण अर्जित करने चाहिए, लेकिन साथ ही अनावश्यक वस्तुओं, नकारात्मक विचारों, अहंकार, द्वेष, ईर्ष्या और विकारों का त्याग भी करना चाहिए।
जीवन को पूर्णता प्रदान करने के लिए केवल संग्रह करना पर्याप्त नहीं है। कभी-कभी जो हम छोड़ देते हैं, वही हमारे जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलता है। पुराने विचारों से मुक्त होकर ही नवीन दृष्टि प्राप्त होती है, अहंकार का त्याग करके ही विनम्रता आती है और विकारों से दूरी बनाकर ही आत्मिक शांति का अनुभव होता है।
आत्मचिंतन हमें स्वस्थ दृष्टि प्रदान करता है। यह हमें बताता है कि जीवन में क्या उपयोगी है और क्या अनुपयोगी, क्या ग्रहण करना चाहिए और क्या छोड़ देना चाहिए। श्रेष्ठ की प्राप्ति और निकृष्ट का त्याग ही जीवन को नवीन सौंदर्य प्रदान करता है।
जीवन के पात्र से विकारों की दुर्गंध को त्यागकर ही सद्गुणों की सुगंध प्राप्त की जा सकती है। जब मनुष्य अपने भीतर प्रेम, करुणा, क्षमा, विवेक, संतोष और समर्पण जैसे गुणों का अर्जन करता है तथा नकारात्मकता का विसर्जन करता है, तभी उसका जीवन वास्तव में सुंदर, सार्थक और सुगंधित बनता है।
जीवन की सुंदरता केवल इस बात में नहीं कि हमने कितना अर्जित किया, बल्कि इस बात में भी है कि समय आने पर हमने कितना सहजता से त्याग किया।
प्रकृति का संदेश स्पष्ट है—नवीनता के लिए विसर्जन, विकास के लिए परिवर्तन और जीवन की सुंदरता के लिए अर्जन एवं त्याग का संतुलन आवश्यक है।