योग और विज्ञान का संयुक्त जीवन जीना ही बुद्धिमानी है

पंचांग का अति प्राचीन काल से ही बहुत महत्त्व माना गया है. ज्योतिष शास्त्रों में भी पंचांग को बहुत महत्त्व दिया गया है और पंचाग का पठन एवं श्रवण अति शुभ माना गया है.

पंडित उदय शंकर भट्ट

आज आपका दिन मंगलमयी हो, यही मंगलकामना है। ‘हिमशिखर खबर’ हर रोज की तरह आज भी आपके लिए पंचांग प्रस्तुत कर रहा है.

योग और विज्ञान का संयुक्त जीवन जीना ही बुद्धिमानी है

मनुष्य के जीवन में सफलता केवल बुद्धि, परिश्रम और तकनीक से नहीं आती, बल्कि उसके लिए आंतरिक संतुलन, विवेक और सही दिशा का होना भी आवश्यक है। यही कारण है कि योग और विज्ञान का संयुक्त जीवन जीना ही वास्तविक बुद्धिमानी है।

महाभारत का एक प्रसंग हमें जीवन का गहरा दर्शन समझाता है। अर्जुन ने अपने जीवनरूपी रथ की बागडोर भगवान श्रीकृष्ण के हाथों में सौंप दी थी। श्रीकृष्ण केवल उनके सारथी नहीं थे, बल्कि उनके मार्गदर्शक, विचारों के नियंत्रक और धर्म के पथ-प्रदर्शक भी थे। अर्जुन के पास अद्भुत धनुर्विद्या, सामर्थ्य और युद्ध कौशल था, लेकिन उन्हें अपनी शक्ति का सही उपयोग करना श्रीकृष्ण के मार्गदर्शन से ही आया। यही उनके विजय का एक बड़ा आधार बना।

अर्जुन सौभाग्यशाली थे कि उन्हें श्रीकृष्ण साक्षात दिखाई दे रहे थे। हमारे जीवन में ऐसा होना आवश्यक नहीं है। आज हमारे सामने श्रीकृष्ण भौतिक रूप में उपस्थित नहीं होंगे, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि हमारा जीवन उनके मार्गदर्शन से वंचित है। ईश्वर को देखने से अधिक महत्वपूर्ण है उनके अस्तित्व को अनुभव करना और उनके बताए मार्ग पर चलना।

हमारे जीवन का स्टीयरिंग भले ही हमारे हाथों में दिखाई देता हो, लेकिन उसे किस दिशा में मोड़ना है, इसका विवेक ईश्वर के प्रति आस्था, आत्मज्ञान और नैतिक चेतना से आता है।

विज्ञान हमें बताता है कि जीवन को बेहतर कैसे बनाया जाए, जबकि योग हमें सिखाता है कि जीवन को संतुलित, संयमित और सार्थक कैसे रखा जाए। विज्ञान बाहरी संसार की शक्तियों को समझने का माध्यम है और योग अपने भीतर की शक्तियों को पहचानने का मार्ग।

इसलिए न तो विज्ञान से दूरी बुद्धिमानी है और न ही आध्यात्मिकता की उपेक्षा। शरीर के स्वास्थ्य के लिए विज्ञान, मन की स्थिरता के लिए योग और जीवन की दिशा के लिए आध्यात्मिक विवेक आवश्यक है।

जीवन का वास्तविक कौशल यही है कि कर्म हम पूरी क्षमता से करें, निर्णय विवेक से लें और परिणाम की चिंता ईश्वर पर छोड़ दें।

याद रखिए, अच्छा सारथी जीवन की हर चुनौती समाप्त नहीं करता, बल्कि कठिन रास्तों पर भी सही दिशा बनाए रखना सिखाता है।

अपने जीवन का रथ स्वयं चलाइए, लेकिन उसकी दिशा तय करने में ईश्वर के ज्ञान, योग के अनुशासन और विज्ञान के विवेक को अपना सारथी बनाइए। यही संतुलित, सफल और सार्थक जीवन का सूत्र है।