यूक्रेन से भारत लौटे स्टूडेंट्स: 219 भारतीयों के साथ एअर इंडिया का विमान मुंबई पहुंचा; सरकार ने इस अभियान को ‘ऑपरेशन गंगा’ नाम दिया

नई दिल्ली। 

यूक्रेन से 219 यात्रियों को लेकर पहली निकासी उड़ान महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी है। विमान ने आज दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। एयरपोर्ट पर उन्‍हें रिसीव करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इस संकट की शुरुआत के बाद से, हमारा मुख्य उद्देश्य यूक्रेन में फंसे प्रत्येक भारतीय को वापस लाना था। यहां 219 छात्र पहुंचे हैं। यह पहला जत्था था, दूसरा जल्द ही दिल्ली पहुंचेगा। हम तब तक नहीं रुकेंगे जब तक वे सभी घर वापस नहीं आ जाते। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिन से प्रधानमंत्री मोदी आप लोगों की बहुत चिंता कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने कई लोगों से बात की। आप अपने यूक्रेन में फंसे साथियों को हिम्मत दें कि उन्हें भी सरकार सकुशल वापस लाएगी।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ट्वीट भी किया और कहा कि पहली उड़ान उतर चुकी है। दिल्ली के लिए दूसरी उड़ान कल सुबह होने की उम्मीद है। हम अपने बच्चों को यूक्रेन की सीमाओं तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। मुबंई पहुंचे स्टूडेंट्स के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।