सूर्य संक्रांति आज:शुभ योग में मनेगा धनु संक्रांति पर्व, इस संयोग में स्नान-दान और पूजा से मिलेगा दुगना शुभ फल

मुख्य बातें
  • आज यानी 16 दिसंबर को सूर्य अपना राश‍ि पर‍िवर्तन करेंगे।
  • सूर्य धन, ऐश्वर्य व प्रसिद्धि देने वाले माने जाते हैं।

पंडित उदय शंकर भट्ट

आज 16 दिसंबर को सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेगा। इसे धनु संक्रांति कहते हैं। गुरुवार को गुरु की ही राशि में सूर्य का आना शुभ संयोग माना जा रहा है। इस दिन तीर्थ स्नान, दान और पूजा का महत्व है।

बृहस्पति की राशि में प्रवेश

इस बार गुरुवार को सूर्य, गुरु की ही राशि में आ रहे हैं। ये दोनों ग्रह आपस में मित्र हैं। इसलिए इस बार धनु संक्रांति शुभ मानी जा रही है। साथ ही इस साल शिव और सिद्ध योग में सूर्य संक्रांति पर्व मनाया जाएगा। इन 2 शुभ योगों में किए गए तीर्थ स्नान, दान और पूजा-पाठ से दुगना शुभ फल मिलेगा।

सूर्य के राशि बदलने को संक्रांति कहा जाता है और जब सूर्य धनु राशि में प्रवेश करते हैं तो इसे धनु संक्रांति कहा जाता है। ये कभी मार्गशीर्ष तो कभी पौष मास में आती है। धनु संक्रांति पर्व हेमंत ऋतु में मनाया जाता है। इसलिए इस दिन गर्म कपड़े, अन्न, कंबल, गुड़, तिल और जूते-चप्पल दान करने की परंपरा है।

पूजा विधि

1. सुबह सूर्योदय से पहले उठकर नहाएं फिर उगते हुए सूर्य को जल चढ़ाएं।

2. पूजा करें और दिनभर व्रत और दान करने का संकल्प लें।

3. पीपल और तुलसी को जल चढ़ाएं। इसके बाद गाय को घास-चारा या अन्न खिलाएं।

4. जरूरतमंद लोगों को खाना खिलाएं और कपड़े दान कर सकते हैं।