सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चम्बा के छात्र-छात्राओं ने किया सामूहिक गायन
चम्बा। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की 150वीं जयंती के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, चम्बा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का गायन कर देशभक्ति, राष्ट्रीय चेतना और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े कार्यकर्ताओं, विद्यालय के अभिभावकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व छात्रों तथा स्थानीय नागरिकों ने भी सहभागिता की और छात्र-छात्राओं के साथ सामूहिक रूप से वंदे मातरम का गायन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खिलानंद थपलियाल, सेवानिवृत्त कैप्टन, गढ़वाल रेजीमेंट ने की। मुख्य वक्ता राकेश बहुगुणा, जिला निरीक्षक रहे। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ‘वंदे मातरम’ की भूमिका और उसके ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की अमर स्मृतियों को नमन करने का अवसर है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने तथा राष्ट्रहित की भावना को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, विजेंद्र धनोला, अनिल कोठारी, गणेश सेमवाल, सभासद शक्ति जोशी, हरिप्रसाद सकलानी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। डोभाल गांव, दुर्गा मंदिर, पुरानी टिहरी रोड, चम्बा की कीर्तन मंडली ने भी सहभागिता की।
विद्यालय के आचार्यगण एवं पूर्व छात्र भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक प्रधानाचार्य पूरण सिंह रावत रहे। विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।
कार्यक्रम का संचालन ओम प्रकाश कोठारी ने किया। सामूहिक वंदे मातरम गायन के साथ कार्यक्रम का वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत हो गया।