सुरक्षा एजेंसियों से लेकर खुफिया विभाग के अधिकारियों संग अमित शाह ने की हाई लेवल मीटिंग, उभरती सुरक्षा चुनौतियों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज देश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति और उभरती चुनौतियों की समीक्षा की। जिन चुनौतियों की समीक्षा की गई उनमें वैश्विक आतंकवादी संगठनों से खतरे, साइबर क्षेत्र का अवैध उपयोग और विदेशी आतंकवादी लड़ाकों की आवाजाही शामिल हैंं।

बैठक में प्रमुख तौर पर केन्द्रीय खुफिया एजेंसियों, सीएपीएफ, सशस्त्र बलों के खुफिया विंग, राजस्व और वित्तीय खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों ने भाग लिया। राज्यों/ केन्द्र शासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक में शामिल हुए।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस बैठक में केन्द्रीय गृहमंत्री ने आतंकवाद के खतरे और वैश्विक आतंकी समूहों, आतंकियों को होने वाली फंडिंग, नार्को-आतंकवाद, संगठित अपराध और आतंकवादियों के बीच गठजोड़, साइबर स्पेस का दुरुपयोग और विदेशी आतंकवादी लड़ाकों की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए, केंद्र और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया।