पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम खिलाड़ियों को सम्मानित किया

नई दिल्ली

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवास और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे 11 खिलाड़ियों को आज सम्मानित किया। ये खिलाड़ी पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड-पीएसपीबी के हॉकी खिलाड़ी हैं। ये सभी हॉकी खिलाड़ी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के कर्मचारी हैं। इस अवसर पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली भी उपस्थित थे।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image001W7Y8.jpg

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image00230C3.jpg

 

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/image003NDUC.jpg

 हरदीप पुरी ने प्रसन्नता और हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी खिलाड़ियों ने 41 साल के अंतराल के बाद कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने 18 सदस्यीय टीम का हिस्सा रहे सभी 11 खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

पुरी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय हॉकी के क्षेत्र में इतिहास के पुनर्लेखन का हिस्सा बना है। उन्होंने कहा कि 15 सार्वजनिक उपक्रमों के सहयोग से पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड (पीएसपीबी) लगातार खेल गतिविधियों, शिविरों और छात्रवृत्ति प्रदान करके खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास जारी रखे हुए है। इन्हीं लगातार प्रयासों के चलते इस साल टोक्यो ओलंपिक में 6 स्पर्धाओं में पेट्रोलियम सेक्टर के 22 खिलाड़ी शामिल थे।