पंडित हर्षमणि बहुगुणा
लगभग एक महीने के अथक परिश्रम, कुछ और पहले से भी लगे थे, के बाद आज परिणाम मिल रहा है, पंचायत चुनाव में भाग लेने वाले सभी प्रत्याशियों को हार्दिक शुभकामनाएं, उन्होंने बड़े धैर्य और विनम्रता के साथ अपने गांव व क्षेत्र के विकास हेतु अपनी अपनी योजनाओं को सभी लोगों के सम्मुख रखा, अपने पक्ष में अपने गांव व क्षेत्र के लोगों को समर्थन देने हेतु जितना तैयार किया होगा परिणाम उतना ही प्राप्त होगा। सभी प्रत्याशी सुयोग्य हैं किन्तु प्रत्येक गांव या क्षेत्र में एक पद ही है उसी पर चयनित किया जाना है, मैं सबके लिए शुभकामना करता हूं तथा यह भी अपेक्षा करता हूं कि जिस शालीनता पूर्वक आपने इस महासमर में भागीदारी की उसी शालीनता के साथ परिणाम को भी जनता का आशीर्वाद मान कर स्वीकार करेंगे व अपने अपने क्षेत्र व गांव के विकास में तन्मयता के साथ सहयोग करेंगे जिसके फल स्वरूप अगली बार जनता का विश्वास मिलेगा। यदि कहीं चुनाव प्रचार में कोई कड़वाहट सामने आई हो तो उसे आज ही मन से निकाल कर स्वयं ही मन्थन करें? कि कहां पर कौन सी त्रुटि हुई व खुल कर उसे स्वीकार भी करेंगे व अन्य मित्रों को भी बताएंगे जिससे भविष्य में ऐसी त्रुटियां अन्य व्यक्ति न दोहराएं। यद्यपि व्यक्ति स्वयं में सही होता है पर किसी न किसी गलती के कारण पिछड़ जाता है। मेरा यह भी मानना है कि हमारे प्रतिनिधि जो चुनें गये हैं या जिनका चयन नहीं हो पाया है अपने अपने गांव व क्षेत्र के सभी उन वासियों को जो किन्हीं भी कारणों से पिछड़ गये हैं उठाने का प्रयास करेंगे, योग्य व्यक्तियों की सहायता लेकर ग्राम विकास में निस्वार्थ सहयोग, गांव के होनहार नौनिहालों को आगे बढ़ाने हेतु सराहना व सहयोग, गांव में राजनीति नहीं धर्मनीति से विकास की योजनाएं तैयार करना, सुशिक्षा, समुचित स्वास्थ्य का ध्यान रखना, पलायन न हो ऐसा आकर्षण वातावरण गांव में सृजित करने का प्रयास किया जाना अपेक्षित है। इस हेतु नागरिकों से सलाह की जा सकती है, किसी भी असामान्य स्थिति में आन्तरिक वातावरण सहज व सरल हो ऐसा प्रयास किया जाना चाहिए। शायद सबको यह विचार उचित लगें या —? पर हमारा हर प्रयास ग्राम हित का होना जरूरी है। इससे हम देवभूमि को स्वर्ग से भी सुन्दर बना सकते हैं। सभी प्रत्याशियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मंगलमय भविष्य की शुभकामना करता हूं। यदि सम्भव हो तो अगली बार हर गांव का प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हो, ऐसा प्रयास अभी से किया जा सकता है। मधुमय जीवन के लिए — सुप्रभात। ‘