उत्तराखंड में सरकार गठन को लेकर आज गृह मंत्री अमित शाह की अहम बैठक, मुख्यमंत्री के साथ ही मंत्रियों के नाम पर दिल्ली में एक साथ हो सकता है फैसला

नई दिल्ली

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर शनिवार देर रात को नई दिल्ली में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस संबंध में अंतिम चर्चा करने के लिए पार्टी आलाकमान ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को दिल्ली बुलाया था। केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार शाम को दिल्ली पहुंच गए।

आपको बता दें कि इससे पहले जेपी नड्डा ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी मुलाकात की थी। बताते चलें कि शनिवार देर रात गृहमंत्री के मणिपुर और गोवा के सरकार गठन को लेकर देर तक हुई बैठक की वजह से उत्तराखंड में सरकार गठन को लेकर बैठक नहीं हो सकी। ऐसे में उत्तराखंड को लेकर आज थोड़ी देर  में फिर बैठक होगी। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी आलाकमान ने राज्य की नई सरकार का खाका लगभग तय कर लिया है और मुख्यमंत्री के नाम पर फैसले के साथ ही नए मंत्रियों के नामों की भी घोषणा एक साथ की जाएगी।

एक जानकारी के अनुसार, भाजपा आलाकमान जल्दी ही मुख्यमंत्री को लेकर लगाए जा रहे कयासों को पूर्ण विराम देना चाहती है। इसलिए पार्टी के अंदर बैठकों का दौर तेज हो गया है और गृह मंत्री अमित शाह ने अब स्वयं इसका जिम्मा संभाल लिया है।