कृषि कानून की वापसी: सोनिया गांधी बोलीं- आज सत्य, न्याय और अहिंसा की जीत हुई

नई दिल्ली

केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कृषि के तीन कानूनों को वापस लेने का एलान कर दिया है। सरकार के इस फैसले से विपक्षी पार्टी के नेता प्रतिक्रिया दे रहे हैं। पीएम मोदी के इस फैसले के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सोनिया गांधी ने तीनों कानूनों को रद किए जाने के एलान पर कहा कि आज 700 से अधिक किसान परिवारों, जिनके सदस्यों ने न्याय के लिए इस संघर्ष में अपने प्राणों की आहुति दी है, उनका बलिदान रंग लाया है। आज सत्य, न्याय और अहिंसा की जीत हुई है।

सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज सत्ता में बैठे लोगों द्वारा बुना किसान-मजदूर विरोधी षड्यंत्र भी हारा और तानाशाह शासकों का अहंकार भी। आज रोजी-रोटी और किसानी पर हमला करने की साजिश भी हारी। आज खेती-विरोधी तीनों काले कानून हारे और अन्नदाता की जीत हुई।’’