टीम इंडिया ने रचा इतिहास, जीता चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब

हिमशिखर खबर

भारतीय स्पिनर्स की कसी हुई गेंदबाजी के बाद रोहित शर्मा की कप्‍तानी पारी की बदौलत टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल में भारत ने न्‍यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने इतिहास भी रच दिया है। भारतीय टीम अब सबसे ज्‍यादा चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम बन गई। इससे पहले भारत-ऑस्‍ट्रेलिया के नाम 2-2 खिताब थे।

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंडिया ने 252 का टारगेट 49वें ओवर में चेज कर लिया।

रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेली और 76 रन बनाए। रन चेज में श्रेयस (48 रन), केएल राहुल (नाबाद 34 रन), अक्षर पटेल (29 रन) का अहम रोल रहा।

गेंदबाजी में सबसे बड़ा रोल रहा कुलदीप यादव का रहा, जिन्होंने दो ओवर में लगातार 2 विकेट लेकर गेम इंडिया के पाले में ला दिया। उन्होंने रचिन रवींद्र और केन विलियम्सन को पवेलियन भेजा। न्यूजीलैंड से सबसे ज्यादा स्कोर डेरिल मिचेल (63 रन) का रहा।

ओपनर रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने भारतीय टीम को तगड़ी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 105 रनों की पार्टनरशिप हुई। 19वें ओवर में गिल कैच आउट हुए। उन्‍होंने 50 गेंदों का सामना किया और 1 छक्‍के की मदद से 31 रन बनाए। अगले ही ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा। इन फॉर्म विराट कोहली का बल्‍ला नहीं चला। विराट ने 2 गेंदों का सामना किया और 1 रन बनाया।

शतक से चूके रोहित शर्मा

शतक की ओर बढ़ रहे कप्‍तान रोहित शर्मा गलत शॉट खेलकर स्‍टंपिंग हुए। हिटमैन ने 83 गेंदों का सामना किया और 76 रन बनाए। अपनी इस पारी में रोहित ने 7 चौकों की साथ ही 3 छक्‍के भी लगाए। रोहित का विकेट गिरने के बाद श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल ने 61 रन जोड़े। फिफ्टी के करीब पहुंच चुके अय्यर 39वें ओवर में कैच आउट हुए। उन्‍होने 62 गेंदों का सामना किया और 2 चौके-2 छक्‍के की बदौलत 48 रन की पारी खेली।

अक्षर ने दिया अहम योगदान

42वें ओवर में भारतीय टीम को 5वां झटका लगा। भारतीय टीम जीत की तरफ बढ़ ही रही थी तभी अक्षर पटेल बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गए। अक्षर ने 40 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली। भारतीय टीम जीत के करीब थी तभी 48वें ओवर में हार्दिक पांड्या कॉट एंड बोल्‍ड आउट हुए। उन्‍होंने 18 गेंदों पर 18 रन बनाए।