नरेंद्रनगर राज दरबार में बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि थोड़ी देर में होगी तय, पूजन शुरू

हिमशिखर खबर ब्यूरो

नई टिहरीभगवान बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि आज बसंत पंचमी को नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में तय होगी। राजपुरोहित कपाट खुलने की तिथि को लेकर पंचांग गणना करेंगे। इसी के साथ महाराजा भगवान बदरीनाथ के अभिषेक के लिए चढ़ाया जाने वाले तिल के तेल के लिए गाडू घड़ा कलश यात्रा को लेकर भी तिथि की घोषणा करेंगे।

गुरुवार को नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में टिहरी राजपुरोहित कृष्ण प्रसाद उनियाल ने पूूूजा शुरू कर दी है। इसके बाद टिहरी नरेश और महारानी की मौजूदगी में भगवान बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने और महाभिषेक के लिए तिलों का तेल निकालने की तिथि घोषित की जाएगी। बताते चलें कि पुरातन काल से बसंत पंचमी के दिन नरेंद्रनगर में भगवान बदरीविशाल के कपाट खोलने की तिथि निकाली जाती है। धाम के धर्माधिकारी आचार्य भुवनचंद्र उनियाल और टिहरी राजपुरोहित कृष्ण प्रसाद उनियाल का कहना है कि वसंत पंचमी देवी सरस्वती का जन्म दिन होने के कारण बहुत ही शुभ माना जाता है। ऐसे में इस दिन की शुभता को देखते हुए ही भगवान बदरीनाथ के कपाट खोलने की तिथि तय की जाती है।