पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज के निधन पर सुभाष घई, अनुपम खेर समेत इन सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली

देश-दुनिया में कथक नृत्य से अपनी पहचान बनाने वाले 83 साल के नर्तक पंडित बिरजू महाराज का रविवार देर रात निधन हो गया है। हार्ट अटैक के बाद रविवार देर रात उन्होंने दिल्ली में आखिरी सांस ली। अनुपम खेर, सुभाष घई, अशोक पंडित समेत कला, फिल्म व संगीत जगत की तमाम हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने लिखा, ‘कथक गुरू और गायक पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज जी का दिल्ली में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। यह एक युग का अंत है। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदना। ॐ शांति!’

फिल्ममेकर सुभाष घई ने ट्वीट पर लिखा, ‘कथक नृत्य के उस्ताद से मेरी पहली शिक्षा मेरे कॉलेज यूथ फेस्टिवल में हुई थी। जब उन्होंने भगवान कृष्ण और राधा के बीच अपनी दो आंखों से बात करते हुए एक रोमांटिक बातचीत एक्सप्रेस की थी। मैंने सीखा डांस का मतलब शरीर है लेकिन आत्मा आंखों में है। इसीलिए वह कथक के जगत गुरु थे।’

एक्टर अनुपम खेर ने बिरजू महाराज को अपने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के दिनों से याद करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने कहा कि, ‘महाराज को परफॉर्म करते हुए देखना हमेशा एक जादुई अनुभव रहता था। वह मुझसे कहते थे, तेरी आंखों में बहुत शरारत है।’