उत्तराखंड को पहली बार मिली महिला स्पीकर, जानिए कौन हैं ऋतु खंडूरी?

उत्तराखंड के कोटद्वार विधानसभा से चुनाव जीतने वाली ऋतु खंडूरी के नाम नया रिकॉर्ड दर्ज होने जा रहा है। वह प्रदेश की पहली महिला स्पीकर बनेंगी।


देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा सरकार बन गई है। इसी के साथ यहां विधानसभा में ऋतु खंडूरी को पहली महिला स्पीकर के रूप में मौका दिया गया है। उत्तराखंड की राजनीति में बीसी खंडूडी के बेहद साफ छवि रही है। रितु को भी लोगों को भरपूर प्यार मिला है। यही वजह है कि वह दोबारा चुनाव जीतीं और पहली महिला स्पीकर के रूप में शपथ लेंगी।

 कौन हैं ऋतु खंडूरी 

ऋतु खंडूरी उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की बेटी हैं। प्रदेश के नैनीताल में 29 जनवरी 1965 को उनका जन्म एक फौजी परिवार में हुआ था। खंडूरी के फौज में होने के कारण उनकी पढ़ाई भी पिता की पोस्टिंग के हिसाब से अलग-अलग जगहों पर हुई। उन्होंने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है। इसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन किया। उन्होंने पत्रकारिता में डिप्लोमा भी हासिल किया है। साल 2006 से लेकर 2017 तक उन्होंने नोएडा की ऐमिटी यूनिवर्सिटी में फैकल्टी के रूप में भी काम किया है।

कोटद्वार विधानसभा सीट से कांग्रेस पूर्व कैबिनेट मंत्री को हराया

ऋतु खंडूरी ने कांग्रेस के पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी को कोटद्वार विधानभा सीट से विधानसभा चुनाव 2022 में करारी मात दी। विधानसभा चुनाव में ऋतु खंडूड़ी को भाजपा ने अंतिम क्षणों में यमकेश्वर से हटाकर कोटद्वार सीट से प्रत्याशी बनाया था। खंडूरी को 32103 वोट मिले हैं।

जबकि पूर्व कैबिनेट मंत्री नेगी को 28416 मतों से संतुष्ट रहना पड़ा। वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो ऋतु को 41 फीसदी वोट पड़े हैं, जबकि नेगी के खाते में सिर्फ 36 प्रतिशत वोट आए हैं। नेगी ने चुनाव जीतने के लिए ऐढ़ी चोटी का जोर लगाया लेकिन वह जीत नहीं पाए।