विराट कोहली ने टेस्ट की कप्तानी छोड़ी

नई दिल्ली

विराट कोहली ने शनिवार को भारत की टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी। भारत को हाल ही में साउथ अफ्रीका के हाथों तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से मात खानी पड़ी थी। कोहली ने आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। इसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें वनडे टीम की कप्तानी से हटा दिया था। अब कोहली ने टेस्ट टीम की कप्तानी भी छोड़ दी है।

विराट कोहली ने टि्वटर पर लिखा, ‘मैंने सात साल की मेहनत, और संघर्ष से टीम को सही दिशा में जाने की कोशिश कीं। मैंने अपना काम पूरी ईमानदारी के साथ किया है। और मैंने अपनी ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी। हर चीज को कभी न कभी रुकना होता है। और मेरे लिए भारत की टेस्ट कप्तानी को छोड़ने का यही वक्त है।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘इस सफर में कई उतार-चढ़ाव आए हैं, लेकिन मेरी कोशिशों और भरोसे में कभी कमी नहीं आई।’ विराट के ट्वीट पर बीसीसीआई ने भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान का शुक्रिया अदा किया है। बोर्ड ने ट्वीट किया है, ‘BCCI टीम इंडिया के क्पतान विराट कोहली को उनकी प्रेरणादायी नेतृत्व क्षमता के लिए बधाई देती है जिसने टीम को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने भारत की 68 टेस्ट मैचों में कप्तानी जिसमे से 40 टीम इंडिया ने जीते।’