उत्तरकाशी से आ गई खुशखबरी, टनल में पाइप डालने का काम पूरा, किसी भी वक्‍त बाहर निकाले जा सकते हैं मजदूर

हिमशिखर खबर ब्यूरो

उत्तरकाशी: चारधाम ऑलवेदर परियोजना की सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों की जिंदगी बचाने के लिए बचाव अभियान सफल हुआ। उत्तरकाशी टनल हादसे में 17वें दिन बड़ी सफलता मिली है। आखिरकार टनल में फंसे 41 मजदूरों को सही सलामत बाहर निकालने का काम आखिरी पड़ाव पर है। मंगलवार को सुरंग में ब्रेकथ्रू हुआ और टनल में पाइप डालने का काम पूरा हो गया है। स्केप टनल के जरिए मजदूरों को बाहर निकाला जा रहा है।

उत्तरकाशी जिले में पिछले 16 दिनों से मजदूर फंसे हुए हैं। बताया जा रहा कि बस कुछ ही देर में इन श्रमिकों को बाहर निकाल लिया जाएगा। विशेषज्ञों की निगरानी में मजदूरों को वहां से निकालने के लिए ड्रिलिंग खत्‍म हो चुकी है। सुरंग के बाहर अफसरों की हलचल तेज हो गई है। 12 नवंबर दिवाली के दिन 41 मजदूर सिल्‍क्‍यारा सुरंग में फंस गए थे। पूरा देश उनकी सलामती के लिए दुआ कर रहा है।

पहले श्रमिकों का सुरंग के भीतर ही होगा स्वास्थ्य परीक्षण। दरअसल, सुरंग के भीतर जहां श्रमिक फंसे हुए थे, वहां का तापमान लगभग 30 से 35 डिग्री पर है, जबकि सुरंग के बाहर सिलक्यारा का वर्तमान तापमान 10 डिग्री के आसपास है। चूंकि, श्रमिक 17 दिन तक 30 से 35 डिग्री तापमान में रहे हैं, ऐसे में उन्हें एकदम से बाहर 10 डिग्री तापमान में नहीं लाया जाएगा।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर बताया है कि टनल में पाइप डालने का काम पूरा हो चुका है। शीघ्र ही सभी श्रमिक भाइयों को बाहर निकाल लिया जाएगा।