Congress Meeting: कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक सम्पन्न, सोनिया गांधी बनी रहेंगी अध्यक्ष

नई दिल्ली

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद सोनिया गांधी की अध्यक्षता में रविवार को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हुई। इस बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत कई बड़े नेता शामिल हुए।

यह मैराथन बैठक करीब चार घंटे तक चली। सूत्रों का कहना है कि इस मैराथन बैठक के बाद फैसला किया गया है कि सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) कांग्रेस अध्यक्ष बनी रहेंगी। इस बैठक के बाद ये साफ हो गया है कि फिलहाल गांधी परिवार के हाथ में ही कमान रहेगी, परंतु नए चेहरे को लेकर भी फैसला आ सकता है। इस बीच कांग्रेस के एक नेता ने ये भी हिंट दिया है कि राहुल गांधी एक बार फिर से पार्टी के अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं।

कांग्रेस में फिर से जान फूंकने की जरूरत: थरूर

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा कि देश में कांग्रेस आज भी सबसे विश्वसनीय विपक्षी दल है। इसलिए इसमें सुधार तथा नई जान फूंकना जरूरी है। थरूर ने देश में विभिन्न दलों के विधायकों की संख्या वाला एक चार्ट साझा करते हुए ट्वीट किया कि यही वजह है कि कांग्रेस सबसे विश्वसनीय राष्ट्रीय विपक्षी पार्टी बनी हुई है। इसीलिए सुधार और नयी जान फूंकनी जरूरी है।