वीडियो: जब भरभराकर गिरा बर्फ का पहाड़… केदारनाथ धाम के चोराबाड़ी ग्लेशियर के कैचमेंट में हिमस्खलन

केदारनाथ

केदारनाथ धाम में गुरुवार शाम 6.30 बजे चोराबाड़ी ग्लेशियर के कैचमेंट में एवलांच आया है। राहत की बात है कि हिमस्खलन से किसी भी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। ग्लेशियर विशेषज्ञ भी इसे हिमालय क्षेत्र में होने वाली सामान्य घटना बता रहे हैं।

वाडिया इंस्टीट्यूट के भूतपूर्व वैज्ञानिक और पर्यावरणविद डा पीएस नेगी ने बताया कि केदारनाथ मंदिर के पीछे करीब 5 किमी. की दूरी पर चोराबाड़ी ग्लेशियर स्थित है। ग्रेविटी फोर्स के कारण तेज ढलान पर कभी कभी ग्लेशियर टूट जाता है, जिससे किसी प्रकार के नुकसान की कोई संभावना नहीं है।

डा पीएस नेगी ने बताया कि जलवायु परिवर्तन और कई धरातलीय कारकों के कारण यह होता है। इसमें ताजी बर्फ के साथ पुरानी बर्फ भी बड़ी तेजी से नीचे आ जाती है।