गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन प्रेषित
नई टिहरी। आज दिनांक 27 जुलाई 2026 को गौ सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग को लेकर जनपद टिहरी गढ़वाल में एक जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से आए गौभक्तों एवं सनातन संस्कृति में आस्था रखने वाले नागरिकों ने अभियान का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता की। तत्पश्चात प्रतिभागियों ने पैदल मार्च कर जिला अधिकारी, टिहरी गढ़वाल के माध्यम से माननीय राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड तथा माननीय मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन के साथ जनसामान्य द्वारा अभियान के समर्थन में किए गए हस्ताक्षरों के परपत्र भी जिला प्रशासन को सौंपे गए। अभियान का उद्देश्य गौमाता के संरक्षण, संवर्धन तथा भारतीय संस्कृति में गौ के गौरवपूर्ण स्थान के अनुरूप गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की जनभावना को शासन एवं सरकार तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि गौमाता भारतीय सनातन संस्कृति, ग्राम्य अर्थव्यवस्था, कृषि, पर्यावरण तथा लोकजीवन की आधारशिला रही है। अतः देशभर की जनभावनाओं का सम्मान करते हुए गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान प्रदान करने की दिशा में सकारात्मक पहल की जानी चाहिए।
इस अवसर पर अनुसूया प्रसाद उनियाल, विवेक सकलानी, श्रीमती विनीता उनियाल (ग्राम प्रधान, उनियाल गांव), श्रीमती रश्मि सकलानी (ग्राम प्रधान, हवेली), शिव प्रसाद उनियाल, श्रीमती सीता मनवाल (जिला पंचायत सदस्य, भुत्सी), सरोप सिंह (ग्राम प्रधान, मरोड़ा), दिनेश रावत, श्रीमती मनोरमा गोसाईं, श्रीमती पुष्पा धनाई, श्रीमती रागिनी भट्ट तथा श्रीमती सरोजनी चमोली सहित अनेक गौभक्त, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
अभियान से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि गौ सम्मान आह्वान अभियान को जन-जन तक पहुँचाते हुए अधिकाधिक नागरिकों का समर्थन प्राप्त किया जाएगा तथा गौ संरक्षण, गौ संवर्धन एवं गौ सम्मान के लिए शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक माध्यमों से जनजागरण निरंतर जारी रखा जाएगा।