प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने संभाला श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय का कार्यभार

नई टिहरी : प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार सोमवार को ग्रहण कर लिया। श्रीदेव सुमन विवि मुख्यालय में निवर्तमान कुलपति प्रो एन के जोशी ने उन्हें विधिवत कार्यभार सौंपा।वहीं प्रो. एन. के. जोशी को भावभीनी विदाई दी गई.

कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के कुलपति पद कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत सर्वप्रथम विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर अपने कार्यकाल का शुभारम्भ किया। कुलपति प्रो. महाजन देश के प्रतिष्ठित भू-विज्ञानी, भूकम्प वैज्ञानिक, पर्यावरणविद् एवं आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ हैं। उन्होंने भूविज्ञान में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उपरांत भूकम्प विज्ञान एवं सिस्मोटेक्टॉनिक्स विषय में पीएच.डी. की तथा जिनेवा विश्वविद्यालय (स्विट्जरलैंड) से आपदा प्रबंधन में डिप्लोमा एवं अन्तर्राष्ट्रीय पोस्ट-डॉक्टोरल फेलोशिप प्राप्त की। कुलपति प्रो. महाजन ने वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी, देहरादून में वैज्ञानिक के रूप में दीर्घकाल तक कार्य करते हुए भूकम्पीय जोखिम आकलन, सिस्मिक माइक्रोजोनेशन एवं आपदा जोखिम न्यूनीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके पश्चात उन्होंने केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश में प्रोफेसर के रूप में शिक्षण एवं शोध कार्य के साथ-साथ निदेशक आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), अधिष्ठाता छात्र कल्याण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उनके अनेक शोध-पत्र राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं का नेतृत्व किया है तथा भूकम्प विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, आपदा प्रबंधन एवं हिमालयी क्षेत्रों के वैज्ञानिक अध्ययन में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्हें राष्ट्रीय भू-विज्ञान पुरस्कार (National Geoscience Award-2017) सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।

कुलपति प्रो. अम्बरीश कुमार महाजन ने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करना, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के मानकों के अनुरूप विश्वविद्यालय को उत्कृष्ट संस्थान के रूप में स्थापित करना तथा रिक्त पदों पर नियमानुसार भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाना होगी।


समारोह के दौरान विश्वविद्यालय परिवार ने निवर्तमान कुलपति प्रो. एन. के. जोशी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय उपलब्धियों का स्मरण करते हुए उनके प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। अपने कार्यकाल में उन्होंने विश्वविद्यालय में शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन, प्रशासनिक पारदर्शिता, संस्थागत विकास तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल कीं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने अकादमिक, शोध एवं प्रशासनिक क्षेत्रों में नई पहचान स्थापित की। विश्वविद्यालय परिवार ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामनाएँ करते हुए उनके योगदान को सदैव प्रेरणास्रोत बताया।