जैनम जीविका फाउंडेशन की “लाइफ सेवर आर्मी” मुहिम के तहत कारगिल विजय दिवस पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन, 80–85 यूनिट रक्त हुआ एकत्रित

नई टिहरी। समाज सेवा एवं मानव कल्याण के उद्देश्य से कार्यरत जैनम जीविका फाउंडेशन द्वारा अपनी महत्वाकांक्षी सामाजिक पहल “लाइफ सेवर आर्मी” (Life Saver Army) के अंतर्गत कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर गढ़वाल परिसर में एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य स्थानीय ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा लोगों में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।


जिलाधिकारी ने कहा कि “कारगिल के वीर सैनिकों ने अपने प्राणों की आहुति देकर देश की रक्षा की। आज रक्तदान के माध्यम से हम भी मानव जीवन की रक्षा का संकल्प लेकर उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर सकते हैं। रक्तदान केवल एक सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन बन सकता है।”


नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि “रक्तदान महादान है। एक व्यक्ति द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त आधुनिक तकनीकों की सहायता से तीन अलग-अलग मरीजों के जीवन को बचाने में उपयोगी सिद्ध हो सकता है। स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचती है, बल्कि रक्तदाता का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।” उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।


शिविर में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। लगभग 80 से 85 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा और राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
जैनम जीविका फाउंडेशन के स्टेट हेड प्रदीप बिष्ट एवं उनके टीम मेम्बर जावेद अली, ने जानकारी देते हुए बताया कि “लाइफ सेवर आर्मी” अभियान का उद्देश्य उत्तराखंड के प्रत्येक जिले में स्वैच्छिक रक्तदाताओं का एक मजबूत नेटवर्क तैयार करना है, जिससे राज्य के किसी भी ब्लड बैंक में रक्त की कमी न होने पाए।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकीय टीम, स्वयंसेवकों एवं सभी रक्तदाताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जैनम जीविका फाउंडेशन ने सभी सहयोगियों एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
उन्होंने आगे कहा कि फाउंडेशन का लक्ष्य केवल रक्तदान शिविर आयोजित करना ही नहीं, बल्कि युवाओं को समाज सेवा से जोड़ते हुए एक ऐसी जागरूक एवं संवेदनशील “लाइफ सेवर आर्मी” तैयार करना है, जो आवश्यकता पड़ने पर किसी भी मरीज तक समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।