अलविदा लता दीदी :PM मोदी बोले-‘आने वाली पीढ़ियां भारतीय संस्कृति की दिग्गज के रूप में याद करेंगी’

हिमशिखर खबर ब्यूरो।

स्वर कोकिला लता मंगेशकर का रविवार को निधन हो गया। लता मंगेशकर 92 साल की थीं। वे पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाई गई थीं। इसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। लता मंगेशकर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया।

पीएम मोदी ने ट्वीट किया कि मैं शब्दों की पीड़ा से परे हूं। दयालु लता दीदी हमें छोड़कर चली गईं। लता दीदी के जाने से देश में एक ऐसा खालीपन हुआ है, जिसे भरा नहीं जा सकता है। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मंत्रमुग्ध करने की अद्भुत क्षमता थी।

पीएम ने कहा, ‘लता दीदी के गानों ने कई तरह के इमोशन्स को उभारा। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। फिल्मों से परे, वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं। मैं इसे अपना सम्मान मानता हूं कि मुझे हमेशा लता दीदी से अपार स्नेह मिला है। उनके साथ मेरी बातचीत अविस्मरणीय रहेगी। लता दीदी के निधन पर मुझे अपने साथी भारतीयों के साथ शोक है। उनके परिवार से बात की और संवेदना व्यक्त की।’