वरिष्ठ पत्रकार राकेश खंडूरी नहीं रहे, सीएम धामी ने जताया दुःख

देहरादून। अमर उजाला के राज्य ब्यूरो प्रमुख राकेश खंडूरी अब इस दुनिया में नहीं रहे। बुधवार रात को उनका इलाज के दौरान निधन हो गया, जिससे पूरे पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

वरिष्ठ पत्रकार और समाज में अपनी सादगी एवं शालीन व्यवहार के लिए पहचान बनाने वाले राकेश खंडूरी का इलाज के दौरान निधन हो गया। खण्डूड़ी अमर उजाला की देहरादून यूनिट में कार्यरत थे।

बीते कुछ समय से दिल की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा था। गत दिवस उनका ऑपरेशन हुआ था। ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति बिगड़ती चली गयी। गत देर रात अंतिम सांस ली।

वरिष्ठ पत्रकार खण्डूड़ी के निधन पर सीएम धामी, डीजी बंशीधर तिवारी समेत विभिन्न पत्रकार, राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

राकेश खंडूरी लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े थे और देहरादून में पत्रकारों की एक सशक्त आवाज के रूप में जाने जाते थे। उनकी लेखनी जितनी तीखी थी, उनका व्यक्तित्व उतना ही सरल, सौम्य और विनम्र था। वे हमेशा युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन देते रहते थे और पत्रकारिता में मूल्यों की पैरवी करते थे।